पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली। गणतंत्र दिवस समारोह पर आतंकियों के साए को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 15 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इन सुरक्षाकर्मियों में सेना, नेशनल सिक्योरिटी ग्रुप, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान और अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गृह मंत्रालय की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा के लिए विभिन्न राज्य पुलिस की करीब 25 कंपनियों को भी तैनात किया है।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त एम.के. मीणा के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा के लिहाज से रायसीना हिल्स से इंडिया गेट तक करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार रायसीना हिल्स से लालकिला तक जगह-जगह पर एंटी एयरक्राफ्ट गन को भी तैनात कर दिया गया है। राजधानी की सभी सीमाओं पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात कर आने वाले हर वाहन की सघन तलाशी के लिए कहा है। इसके अतिरिक्त शनिवार देर रात्रि 12 बजे के बाद दिल्ली में सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।
परेड रूट पर आने वाली इमारतें हुईं सील
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस परेड विजय चौक से शुरू होकर राजपथ, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए लालकिला पहुंचेगी। सुरक्षा के मद्देनजर परेड रूट में आने वाली सभी इमारतों को सघन जांच के उपरांत दोपहर दो बजे सील कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त शाम छह बजे राजपथ को यातायात के लिए बंद कर डॉग स्क्वॉड एवं आधुनिक उपकरणों की मदद से जांच कर सील कर दिया गया है।
इन मार्गों पर सुबह चार बजे के बाद नहीं हो सकेगी आवाजाही: दिल्ली पुलिस के अनुसार तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह चार बजे के बाद किसी भी शख्स की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दिल्ली में दाखिल होने वाले निजी वाहनों एवं परिवहन निगम की बसों को सघन जांच के बाद ही राजधानी क्षेत्र में दाखिल होने की इजाजत दी जा रही है। राजधानी के सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं बाजारों में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
आगे की स्लाइड में देखिए सुरक्षा की नजर में राजधानी की तस्वीरें...
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.