पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सुनंदा केस में जांच के लिए एसआईटी के ऑफिस पहुंचे थरुर

सुनंदा पुष्कर मामला: SIT के ऑफिस पहुंचे शशि थरूर, एक बार फिर होगी पूछताछ

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. सुनंदा पुष्कर हत्याकांड में कांग्रेस सासंद शशि थरूर फंसते नजर आ रहे हैं। एसआईटी ने गुरुवार को दो बार उनसे पूछताछ की। पहले सुबह 11.30 बजे बुलाया। पुलिस ने तब पांच घंटे तक सवाल-जवाब किए।
थरूर के साथ पांच और लोग बुलाए गए थे। थरूर के नौकर बजरंगी व नारायण सिंह, दोस्त संजय दीवान, निजी सहायक प्रवीण कुमार और कार्डियोलॉजिस्ट रजत मोहन। सभी को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। इसके बाद थरूर को छोड़ दिया गया। लेकिन बाकी पांचों से अलग-अलग सवाल-जवाब होते रहे। इस दौरान कई नए तथ्य सामने आए। ऐसी बातें भी सामने आईं, जो थरूर अब तक छुपाते रहे थे। ऐसे में, रात साढ़े दस उन्हें फिर से वसंत विहार थाने आने को कहा गया। इस बार थरूर से करीब दो घंटे तक पूछताछ की गई।
एसआईटी ने थरूर से पूछा कि पिछले साल 15 जनवरी को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली लौटने पर ऐसा क्या हुआ था, जो सुनंदा उन्हें एयरपोर्ट पर ही छोड़कर चली गई थीं? इसके अलावा, उनसे 50 से ज्यादा सवाल पूछे गए। थरूर से चार हफ्तों में यह तीसरी पूछताछ है। 5 फरवरी को एसआईटी ने सुनंदा के बेटे शिव मेनन से भी पूछताछ की थी।
देर रात बुलाकर पूछा- क्यों कर रहे हैं गुमराह
>थरूर शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम जा रहे हैं। इसलिए गुरुवार रात को ही उन्हें बुलाया गया।
>नौकरों ने बताया कि सुनंदा और थरूर में झगड़े होते थे। कई बार मैडम साहब का कॉलर भी पकड़ लेती थीं।
>थरूर से ज्यादातर सवाल सुनंदा की जिंदगी के आखिरी पांच घंटे के बारे में ही किए गए।
>सुनंदा के बेटे शिव ने कहा था कि मां आईपीएल के बारे में कुछ बताना चाहती थीं। पर बता नहीं पाईं। थरूर से इसके बारे में भी पूछा गया।
>दिन में संजय दीवान ने जो बातें बताई थीं, उन पर थरूर की सफाई ली गई। साथ ही, पूछा गया कि और कोई बात हो तो अभी ही बता दें।
आईपीएल विवाद पर भी पूछे गए कई कड़े सवाल
दिन में थरूर से 2010 के आईपीएल विवाद को लेकर भी कड़े सवाल-जवाब किए गए। उस समय थरूर विदेश राज्यमंत्री थे। उन पर अपने पद का दुरुपयोग कर सुनंदा को 94 करोड़ रुपए का लाभ पहुंचाने का आरोप लगा था। पद भी छोड़ना पड़ा था। सुनंदा आईपीएल की कोच्चि टीम से जुड़ी थीं।

सुनंदा का विसरा सैंपल जांच के लिए अमेरिका भेजा गया
एसआईटी ने सुनंदा का विसरा सैंपल अमेरिका की एफबीआई लैब में भेजा है, ताकि पता लगाया जा सके कि सुनंदा को जो जहर दिया गया था और उसमें रेडियो एक्टिव पदार्थ थे या नहीं। सुनंदा को पोलोनियम-10 जहर देने की बात सामने आई थी। रिपोर्ट 30 दिन बाद आने की उम्मीद है।