नई दिल्ली. दिल्ली के भावी मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक
अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पहली बार पीएम के आधिकारिक निवास 7, रेसकोर्स रोड पर आमने-सामने हुए। प्रधानमंत्री ने हाथ जोड़कर और फिर हाथ मिलाकर
केजरीवाल का स्वागत किया। पीएम ने केजरीवाल को गुलदस्ता भी दिया। केजरीवाल के पारिवारिक डॉक्टर डॉ. बिपिन मित्तल के मुताबिक चार दिनों से बुखार से पीड़ित होने के बावजूद केजरीवाल ने पीएम से मुलाकात की। dainikbhaskar.com से बातचीत में डॉ. बिपिन मित्तल ने बतााय कि पीएम के यहां से लौटने के बाद
केजरीवाल को 101 डिग्री बुखार हो गया था। केजरीवाल और मोदी की भेंट के दौरान मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। पीएम मोदी और केजरीवाल की मुलाकात 14 मिनट चली। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने मुस्कुरा कर बातचीत की। हालांकि, दोनों गले नहीं मिले। बुधवार को राष्ट्रपति से मुलाकात में केजरीवाल और प्रणब मुखर्जी गले मिले थे।
सूत्र बता रहे हैं कि मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने पीएम को अपने शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता दिया। लेकिन पीएम ने महाराष्ट्र यात्रा की वजह से शपथ ग्रहण समारोह में जाने पर असमर्थता जताई। 14 फरवरी को पीएम मोदी को महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम में
शरद पवार के साथ मंच साझा करना है। यह कार्यक्रम पहले से ही तय बताया जा रहा है।
मुलाकात के बीद मीडिया से बात करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग पर विचार करने को कहा है।