पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

खुरेजी के वोटरों ने डुबोई किरण बेदी की नैया, बग्गा पर जताया अधिक भरोसा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली. कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना का 17वां राउंड चल रहा था। भाजपा के मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी आम आदमी पार्टी के एसके बग्गा से 2,588 वोटों से आगे थीं। दो राउंड की मतगणना बाकी थी। 18वें राउंड की गिनती में मुस्लिम बहुल्य क्षेत्र खुरेजी के वोटों की गणना शुरू हुई। भाजपा समर्थकों के चेहरे सफेद पड़ने लगे। आप समर्थक भी परेशान दिखे कि अंतिम दो राउंड में भाजपा की बढ़त कायम रहेगी या उन्हें जीत मिलेगी।
18 वें राउंड में किरण बेदी को 1436 वोट मिले, जबकि आप के एसके बग्गा को 4504 वोट मिले। अब एसके बग्गा 680 वोटों से बढ़त बना ली थी। इस राउंड के खत्म होते ही आप समर्थकों के चेहरे पर खुशी नजर आने लगी। वहीं भाजपा कार्यकर्ता मायूस होने लगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं का ढाढ़स बंधाने के लिए किरण बेदी तो नहीं थी पर मतगणना केंद्र में मौजूद आप के एसके बग्गा का उत्साह बढ़ाने मनीष सिसौदिया पहुंच गए। 19वें राउंड की मतगणना शुरू हुई। जिसमें किरण बेदी को महज 423 वोट मिले, जबकि एसके बग्गा को 2419 वोट मिले। इस राउंड के खत्म होते ही एसके बग्गा ने 2476 वोटों से जीत हासिल करने में कामयाब हुए।
1993 से भाजपा के कब्जे में थी कृष्णानगर सीट

कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के लिए शुरू हुई मतगणना में शुरू से किरण बेदी और आप उम्मीदवार एसके बग्गा के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी। शुरूआती छह राउंड तक एसके बग्गा ने बढ़त बना रखी थी। जबकि 17वें राउंड तक मामूली वोटों के अंतर से किरण बेदी आगे हो गई थीं।
लेकिन, खुरेजी के मतदाताओं ने आप उम्मीदवार एसके बग्गा पर ज्यादा भरोसा दिखाया और उन्हें अप्रत्याशित रूप से जीत दिला दी। जबकि कृष्णा नगर सीट 1993 से भाजपा के कब्जे में थी। पर छठवीं विधानसभा में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। उल्लेखनीय है कि 2013 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के डा. हर्ष वर्धन ने 69,222 वोट हासिल कर कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से 43,150 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।