(दिल्ली में सफदरजंग में 3.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि राजेंद्र पैलेस, पूसा रोड, रीज क्षेत्र, पूर्वी दिल्ली, पालम, लोधी रोड और आईटीओ पर भी बारिश दर्ज की गई। मौसम में अधिकतम आर्द्रता 93 और न्यूनतम आर्द्रता 87 फीसदी रही।)
नई दिल्ली । मौसम का मिजाज लगातार दूसरे दिन बदला रहा। पहाड़ों पर
बर्फबारी लगातार जारी है तो मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है। दिल्ली एनसीआर, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, पंजाब व चंडीगढ़ में रविवार को तेज बारिश ने िठठुरन और बढ़ा दी है। रविवार को तेज बारिश के साथ ही तकरीबन 70 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवा ने लोगों को कंपकंपा दिया। राजधानी में रविवार को हुई 3.8 मिलीमीटर बारिश से पारा 7 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया।
शनिवार के बाद रविवार को भी सुबह से ही शीत लहर का राजधानी में प्रकोप जारी था। दोपहर के बाद छिटपुट बूंदाबांदी के बाद शाम को झमाझम बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। दिन का अधिकतम तापमान 16.2 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान में जहां 7 डिग्री की गिरावट रही वहीं न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि राजस्थान के ऊपर कम दबाव का एक चक्रवात बना हुआ है, साथ ही कैस्पियन और काले सागर से उठे चक्रवात के इस कम दबाव वाले चक्रवात से टकराने पर पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में ओले के साथ बारिश हुई है। सोमवार को भी बादल छाए रहने की संभावना है। लेकिन मंगलवार से अगले दो दिनों के लिए मौसम खुलेगा उसके बाद फिर से चक्रवात के कारण बारिश की संभावना नजर आ रही है। सोमवार को भी राजधानी में बादल छाए रहेंगे और सुबह मौसम में घना कोहरा बना रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बारिश खत्म होते ही धुंध देगी दस्तक, गहराएगी ठंड
पश्चिम विक्षोभ का असर सोमवार को कम हो जाएगा। बरसात की संभावना है, लेकिन उतनी नहीं, जितनी पिछले दो दिनों में रही है। मंगलवार से धुंध दस्तक दे सकती है। इससे सर्दी और गहरा सकती है। 18 व 19 दिसंबर को फिर से आसमान में बादल छा सकते हैं। हालांकि मौसम विभाग ने बरसात की संभावना नहीं जताई है। 16 दिसंबर को सूर्य के दर्शन हो सकते हैं।
आगे की स्लाइड में देखें बारिश बाहर निकले परिवार की PHOTO