नई दिल्ली.कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के वीमेंस हॉस्टल की मंगलवार को आधारशिला रखेंगी। दो साल में तैयार होने वाले इस हॉस्टल के निर्माण की अनुमानित लागत छब्बीस करोड़ रुपए है। हॉस्टल की क्षमता 400 छात्राओं की होगी। जामिया की प्रवक्ता डा. सिमी मल्होत्रा ने बताया कि छात्रावास के एक कमरे में तीन छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी।
विश्वविद्यालय को 12वीं योजना के तहत पहले से ही निर्माण कार्य की राशि आवंटित हो चुकी है। हॉस्टल में छात्राओं को हर तरह की सुविधा मसलन जिम, डायनिंग हॉल, रीडिंग एरिया, वॉशिंग एरिया और मल्टी पर्पज फंक्शन हॉल आदि की सुविधा भी होगी। 14 मई शाम को होने वाले आधारशिला कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में किया जाएगा।