नई दिल्ली । उबेर कंपनी की कैब में युवती से दुष्कर्म के बाद दिल्ली पुलिस ने टैक्सी और कैब को लेकर स्पेशल चैकिंग ड्राइव शुरू की है। राजधानी की सड़कों पर तैनात यातायात और दिल्ली पुलिसकर्मियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि जिन कैब या टैक्सी में अकेली महिला सफर कर रही हो, उसे रोककर जांच की जाए। इस ड्राइव के दौरान पुलिस ने 527 वाहनों के परमिट के नियमों का उल्लंघन पर जब्त कर बंद किया है। इसके अलावा 1073 टैक्सी स्टैंड्स पर 3851 ड्राइवर्स के चालान परमिट नियम उल्लंघन पर किए गए हैं।
दिल्ली के संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल शुक्ला बताते हैं कि अभियान के दौरान ऐसी 1423 टैक्सी और कैब की जांच की गई, जिनमें अकेली महिला सवार थी। यातायात पुलिसकर्मियों को यह हिदायत दी है कि भविष्य में भी यह अभ्यास निरंतर जारी रहे। इसके अलावा ठंड बढ़ने को लेकर शुक्रवार को ड्रंकन एंड ड्राइव अभियान चलाया गया, इसमें 106 टीमें जांच में लगाई गई।
रात को चलाए गए इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस ने 239 वाहन चालकों के चालान किए और 193 वाहनों को जब्त किया। यह ऐसे वाहन चालक थे, जिन्होंने शराब ज्यादा पी हुई थी या फिर इनके पास वाहन के पूरे कागजात नहीं थे।