जयपुर/अहमदाबाद/नई दिल्ली. देशभर में स्वाइन फ्लू से फरवरी के पहले 11 दिनों में 216 लोगों की मौत हो चुकी है। सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में राजस्थान फिर गुजरात और मध्यप्रदेश का नंबर आता है। देशभर में अब तक 5157 लोग स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए हैं। 407 की मौत हो चुकी है। बुधवार को जयपुर में एक ही दिन में पांच लोगों की मौत के साथ अब तक कुल 116 मौतें हो चुकी हैं, वहीं एक ही दिन में 159 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
राजस्थान : बुधवार को पांच और लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ प्रदेश में मरने वालों की संख्या 116 तक पहुंच गई है। 159 नए लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, इनमें जयपुर के 29 लोग हैं। चार लोग हाई रिस्क पर हैं। टास्क फोर्स अध्यक्ष डाॅ.अशोक पनगडिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय किया गया कि संभावित मरीजों को मास्क भी दिए जाएंगे। साथ ही गंभीर रोगियों का अत्याधुनिक तकनीक से इलाज कर बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
गुजरात : राज्य में स्वाइन फ्लू से 108 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, पीड़ितों की संख्या 1075 तक पहुंच गई है। फिलहाल 601 मरीजों का इलाज चल रहा है। बुधवार को 159 नए केस दर्ज हुए और 10 मरीजों की मौत हुई। राज्य सरकार की ओर से घर-घर किए जा रहे सर्वे में 17.51 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। 25944 लोगों का तत्काल इलाज किया गया है।
मध्यप्रदेश : स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि इस बीमारी से 44 लोगों की मौत हुई, इनमें से 17 भोपाल के हैं। वहीं, अब तक 66 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पल-पल की जानकारी खुद ले रहे हैं। बुधवार को भोपाल में इलाज के लिए सात निजी अस्पतालों को मान्यता दी गई है। इन अस्पतालों को सरकार की ओर से मास्क, टेमी फ्लू और पीपी किट भी दी गई। बुधवार को भोपाल में 32 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं।
स्वाइन फ्लू से मरने वालों की जानकारी
राज्य कुल - केस - मौतें
दिल्ली - 1048 - 6
गुजरात - 951 - 98
हरियाणा - 92 - 13
कर्णाटक - 131 - 46
मध्यप्रदेश - 153 - 46
महाराष्ट्र - 239 - 40
राजस्थान - 1245 - 109
तमिलनाडु - 158 - 8
तेलंगाणा - 907 - 42
उत्तरप्रदेश - 66 - 5
पंजाब - 14