नई दिल्ली. दिल्ली के लालकिला मैदान में आयोजित होने जा रही रामलीला की सुरक्षा इस बार 10 ड्रोन करेंगे। इतना ही नहीं इस बार रामलीला का प्रसारण भी हाईटेक होगा। इंटरनेट युग में भक्तों को जहां वेबसाइट से रामलीला का सीधा प्रसारण देखने को मिलेगा, वहीं वाट्स एप और यू-ट्यूब पर
मोबाइल व टेबलेट के जरिए भी श्रद्धालु रामलीला देख सकेंगे। यह हाईटेक इंतजाम इस बार लाल किला मैदान पर आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी लवकुश रामलीला में किए गए हैं।
रामलीला कमेटी के मंत्री अर्जुन बताते हैं कि एक प्रतिनिधि मंडल गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिला था, उन्होंने रामलीला स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम की हिदायत दी थी, इसी को ध्यान में रखकर हमने 10 ड्रोन कैमरे निगरानी के लिए लगाना सुनिश्चित किए हैं, दस दिन के लिए हायर किए गए इन ड्रोन का किराया 10 लाख रुपये है, जो कमेटी खर्च करेगी।
इसके अलावा लवकुश रामलीला कमेटी की वेबसाइट पर यहां होने वाली लीलाओं का लाइव प्रसारण किया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि इस बार 120 फुट लंबे और 60 फुट चौड़े मंच को विशेष रूप से एलईडी लाइटों से सजाया गया है। रामलीला की शुरूआत 25 सितंबर को गणेश पूजन से और समापन 4 अक्टूबर को भरत मिलाप के साथ होगा। कुछ इस तरह से तैनात रहेगा ड्रोन।