(फाइल फोटो : प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल)
नई दिल्ली. पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके स्थित एक प्ले स्कूल मालिक के बेटे पर तीन वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को स्कूल से घर लौटने के बाद परिजनों से मासूम ने दर्द की शिकायत की। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मासूम के साथ यौन उत्पीड़न की जानकारी दी। बौखलाए परिजनों ने शुक्रवार को न केवल स्कूल में विरोध प्रदर्शन किया, बल्कि आरोपी के साथ मारपीट भी की। प्ले स्कूल पहुंची पुलिस ने बमुश्किल परिजनों को शांत कराया और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। मारपीट में आई चोंटों के चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पाक्सो (प्रोटेक्टशन ऑफ चाइल्ड फ्राम सेक्शुअल अफेंसेज) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
ढाई साल की मासूम से छेड़छाड़
बाहरी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर नौ स्थित एक और प्ले स्कूल मेें ढाई वर्ष की मासूम के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। प्रशांत विहार थाना पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोप में स्कूल के अटेंडेंट अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बुधवार को स्कूल से घर आने के बाद मासूम ने अपने परिजनों से अमित कुमार द्वारा की गई छेड़छाड़ के बारे में बताया। जिसके बाद मासूम के परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मासूम का मेडिकल कराने के बाद छेड़छाड़ और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अमित को गिरफ्तार
कर लिया।
वहीं इस मामले से गुस्साए परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गुरुवार को नाराज परिजनों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन भी किया, जिन्हें पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। वहीं शुक्रवार को इस घटना की जानकारी मिलने के बाद इस स्कूल में पढ़ने वाली कुछ बच्चियों के परिजनों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि उनके बच्चे भी कई शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। उन्हें आशंका है कि उनकी बच्चियों के साथ भी छेड़खानी की गई है। लिहाजा उनकी बच्चियों का भी मेडिकल कराया जाए।