पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बयान देने आई युवती, दिनदहाड़े कोर्ट से हो जाता अपहरण लेकिन....!

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली.राजधानी में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। 164 का बयान दर्ज कराने आई एक युवती को दिनदहाड़े भरी अदालत से उसके परिजनों ने अगवा करने की कोशिश की। लड़की को बचाने के लिए जांच अधिकारी ने उसे मजिस्ट्रेट के चैंबर में घुसा दिया तो उसे अगवा करने आए लोगों ने मजिस्ट्रेट के चैंबर के दरवाजे और खिड़कियों को तोड़ने की भी कोशिश की।
यही नहीं इन लोगों से बीचबचाव का प्रयास करने वाले मजिस्ट्रेट के स्टाफ व जांच अधिकारी के साथ भी र्दुव्‍यवहार किया और घंटों हंगामा मचाया। इससे घंटों अदालती कार्यवाही भी रुकी रही। इस घटना के बाद मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सुनील गुप्ता ने कड़कडड़ूमा चौकी प्रभारी को स्वयं पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज करने को कहा। कड़कडड़ूमा पुलिस ने अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या था मामला
थाना भजनपुरा पुलिस का एक जांच अधिकारी एफआईआर संख्या 138/13 में एक युवती का इकबालिया बयान दर्ज कराने के लिए युवती को एमएम सुनील गुप्ता की कोर्ट में गुरुवार एक बजे पहुंचा था। इसकी भनक युवती के परिजनों को लग गई। इसके बाद युवती के परिजन कोर्ट में आ गए और हंगामा करते हुए उसे अगवा करने का प्रयास किया।
दरअसल दो माह पहले भजनपुरा निवासी इस युवती ने पास में रहने वाले अंकित जैन से भाग कर शादी कर ली थी। इसके बाद वह घर वापस आ गई, लेकिन कुछ दिनों बाद वह फिर दोबारा भाग गई। युवती के परिजनों की शिकायत पर भजनपुरा पुलिस ने अंकित के खिलाफ अपहरण व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया था। इस बीच युवती ने पुलिस के पास आकर शादी की जानकारी दी। गुरुवार को पुलिस युवती को कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए लेकर आई थी।