नई दिल्ली.भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से इस्तीफे की मांग को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जब पुलिस की बैरिकेड को तोड़कर तीसरे अवरोध पर पहुंच गए तो पुलिस को पानी की बौछार करनी पड़ी। रेसकोर्स की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान पुलिस की उनसे झड़प भी हुई। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।
भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रविवार को सात रेसकोर्स की ओर रुख किया। ठाकुर ने कहा कि यह सरकार घोटालों की सरकार है। प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भ्रष्टाचार के मामलों पर चुप्पी साधे रहते हैं।
हमारी मांग है कि प्रधानमंत्री तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। गौरतलब है कि पवन बंसल और अश्विनी कुमार के इस्तीफे के बाद अब भाजपा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर भी इस्तीफा देने का दबाव बना रही है। इसकी कमान अब भाजपा की युवा शाखा ने संभाल ली है। इसी रणनीति के तहत मोर्चा और भी बड़ा प्रदर्शन करेगा। प्रदर्शन की घोषणा के कारण प्रधानमंत्री आवास के आसपास के इलाकों की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई थी। कार्यकर्ताओं ने शनिवार को रेसकोर्स के बाहर भी इस प्रदर्शन के बाबत पोस्टर चस्पा कर दिए थे जिसे देखते हुए थाना तुगलक रोड पुलिस ने धारा 144 लगाते हुए प्रधानमंत्री आवास की तरफ जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया था।
तीन घंटे बंद रहा रेसकोर्स स्टेशन
भाजयुमो कार्यकर्ताओं के पीएम आवास का घेराव की घोषणा को देखते हुए रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन को करीब तीन घंटों के लिए बंद कर दिया गया। दिल्ली पुलिस को आशंका थी कि प्रदर्शनकारी घेराव करने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं। लिहाजा रविवार सुबह ११ बजे रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन को बंद करा दिया गया। इस दौरान न ही इस मेट्रो स्टेशन पर कोई ट्रेन रुक रही थी और न ही इस स्टेशन पर किसी को अंदर जाने की इजाजत थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रदर्शन खत्म होने के बाद पुलिस ने मेट्रो स्टेशन को खोलने की इजाजत दे दी जिसके बाद १.५५ बजे रेसकोर्स मेट्रो स्टेशन से मेट्रो का परिचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।