पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Yuganda Women Alleged Somnath Bharti In Court

युगांडा की महिला का खुलासा, \'सोमनाथ भारती कह रहे थे भारत छोड़कर नहीं गए तो मार डालेंगे\'

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली. दक्षिणी दिल्ली में कथित सैक्स रैकेट पर छापेमारी केस में केजरीवाल सरकार के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के लिए मुश्किल बढ़ती जा रही हैं। भारती के खिलाफ युगांडा मूल की एक महिला ने पहले ही केस दर्ज करा रखा है और अब एक और महिला उनके खिलाफ कोर्ट पहुंच गई है। यह महिला भी युगांडा मूल की है, उसका आरोप है कि भारती के साथ आए लोगों ने उसके साथ बदसलूकी की थी। महिला ने कोर्ट से भारती के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।गौरतलब है कि यदि भारती मामले में दोषी पाए गए तो उन्हें सात साल की सजा हो सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस नेता अरविंद सिंह लवली की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं ने भी सोमनाथ भारती केस को लेकर आज उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली ने कहा कि सरकार को कानून मंत्री के खिलाफ सभी जरूरी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार को हमारा समर्थन केवल मुद्दों के आधार पर है। इससे पहले, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मसले पर गुरुवार को उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। उधर, दिल्ली महिला आयोग भी आज भारती को समन भेज सकता है।

इससे पहले, पीड़ित महिलाओं ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए थे। युगांडा की एक महिला ने आरोपी के तौर पर भारती को पहचानने का भी दावा किया था। महिला ने कहा था कि सोमनाथ की अगुवाई में कई लोग रात में उनके घर घुस आए। महिला के मुताबिक, 'उन्होंने हमें मारा-पीटा और बदतमीजी भी की। आरोपियों ने हमें देश छोड़ने को भी कहा और जान से मारने की धमकी दी।'

महिला का बयान धारा-164 के तहत दर्ज किया गया है। उसने कहा, 'मैंने भारती को इसलिए पहचाना क्योंकि वे 15 जनवरी की रात आए थे। अगले दिन वे टीवी पर नजर आए। मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस ने ही हमें भीड़ से बचाया।' धारा 164 के तहत दर्ज बयान अदालत में भी माना जाता है। इस बयान के बाद भाजपा, कांग्रेस और महिला संगठनों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भारती को बर्खास्त करने की मांग की। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने तो यहां तक कह दिया कि यदि भारती को नहीं हटाया गया तो समर्थन वापस ले लेंगे। 'आप' के सदस्य कैप्टन गोपीनाथ और 'आप' के बाकी विधायक पहले ही भारती को हटाने की मांग कर चुके हैं। इस सबके बीच मुख्यमंत्री की ओर से तो कोई बयान नहीं आया पर आप ने रुख साफ कर दिया। कहा, 'मामले में न्यायिक जांच जारी है। रिपोर्ट आने तक भारती के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।'

क्या है मामला

सोमनाथ भारती 15 जनवरी की रात कुछ लोगों के साथ खिड़की एक्सटेंशन पहुंचे। उनका दावा था कि अफ्रीकी लोग ड्रग्स रैकेट और वेश्यावृत्ति कर रहे हैं। पुलिस वालों को बुलाकर उन्होंने छापा मारने को भी कहा। लेकिन पुलिस ने ये कहते हुए मना कर दिया कि बिना वारंट के रात में कार्रवाई नहीं करेंगे। अगले दिन युगांडा की पांच महिलाओं ने भारती और उनके समर्थकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज की गई। उप राज्यपाल ने न्यायिक जांच के भी आदेश दे दिए।

आगे की स्लाइड में पढ़िए...भारती की गिरफ्तारी भी संभव