नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने दूरदर्शन को विश्व कप में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का प्रसारण करने की इजाजत दे दी है। यह मैच 15 फरवरी को होगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने पिछले हफ्ते दूरदर्शन द्वारा विश्व कप मैचों के प्रसारण पर रोक लगा दी थी। इस मामले में प्रसार भारती की अपील पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस रंजन गोगोई और पिनाकी चंद्रा घोस की बेंच ने सुनवाई की।
उसने इस मामले की सुनवाई 17 फरवरी के लिए निर्धारित करते हुए अंतरिम आदेश में कहा, ‘इस दौरान हाईकोर्ट के आदेश पर रोक रहेगी।’ सुप्रीम कोर्ट ने निजी चैनल और बीसीसीआई से कहा है कि वह इस विवाद को सुलझाने के लिए अपने प्रस्ताव लेकर आएं। विश्व कप के प्रसारण के अधिकार सिर्फ ईएसपीएन और स्टार के पास हैं।
स्टार इंडिया के वकील पी. चिदंबरम ने कोर्ट से कहा कि इस मामले पर जल्दी सुनवाई की जरूरत है क्योंकि विश्व कप 14 फरवरी से शुरू हो रहा है। अंतरिम रोक की वजह से प्रसारण कंपनी प्रति उपभोक्ता 18 रुपए अर्जित नहीं कर सकेगी। इस पर बेंच ने कहा, ‘फिलहाल हम 2007 की स्थिति ही बनाए रखते हैं। सात साल से यही व्यवस्था है। सात सप्ताह में कुछ नहीं होगा।
विश्व कप तो आते-जाते रहते हैं। लेकिन इस शीर्ष अदालत का फैसला तो हमेशा के लिए है। ’