पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से विमानों के आवागमन के समय में परिवर्तन किया गया है। जिन उड़ानों के समय में परिवर्तन किया गया है उनमें दोपहर 11.15 बजे से दोपहर 12.15 बजे के बीच आवागमन करने वाली फ्लाइट शामिल हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यह फैसला मंगलवार को एयर क्लोजर के दौरान डाइवर्ट की गई दो फ्लाइटों के मद्देनजर लिया है। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी नोट के आधार पर एयरपोर्ट से दोपहर 11.15 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक सभी विमानों की लैंडिंग एवं टेकऑफ पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस प्रतिबंध के चलते दो फ्लाइटों को आईजीआई एयरपोर्ट से डाइवर्ट कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रबंधन ने सभी एयरलाइंसों को एडवाइजरी जारी कर सूचना दी है कि आईजीआई एयरपोर्ट पर लैंडिंग और टेकआफ के लिए दोपहर 11.15 से दोपहर 12.15 बजे के बीच कोई रन-वे उपलब्ध नहीं होगा। लिहाजा इस दौरान एयरपोर्ट से टेकआफ या लैंड होने वाली फ्लाइटों के समय में परिवर्तन कर मुसाफिरों को सूचित कर दिया जाए। एयरपोर्ट अधिकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस समारोह के लिए एयरफोर्स की रिहर्सल को देखते हुए 50 नाटिकल माइल्स में उड़ान भरने में प्रतिबंध रहता है। जिसको देखते हुए तीनों रन वे को एक घंटे के लिए बंद किया जा रहा है। यह प्रक्रिया बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को भी जारी रहेगी।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान यातायात रहेगा बाधित: गणतंत्र दिवस के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल परेड बुधवार को होगी। सुबह पांच बजे से दोपहर 12.30 बजे तक विजय चौक, राजपथ, इंडिया गेट पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित होगी। परेड इन मार्गों से तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग, दिल्ली गेट से नेताजी सुभाष मार्ग होते हुए लालकिला पहुंचेगी।
इस दौरान इस मार्ग पर कोई भी व्यक्ति क्रॉस आवाजाही नहीं करेगा। ऐसे में वाहन चालकों व पैदल यात्रियों को सलाह है कि वह गंतव्य मार्ग तक पहुंचने के लिए इन मार्गों की बजाए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल शुक्ला ने बताया कि आउटर रिंग रोड पर वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। लेकिन कमर्शियल वाहन और अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही को 25 जनवरी की रात को ही दिल्ली सीमा व टर्मिनल पर ही रोक व स्थगित कर दिया जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनजर परेड ग्राउंड में बिना प्रवेश पास एंट्री नहीं होगी। इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर ही स्टीकर लगे वाहनों की आवाजाही हो सकेगी। कोई भी व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, गाड़ी की रिमोट चाबी, लैपटॉप, कैमरा वीडियो ट्रांजिस्टर आदि नहीं ले जा सकेगा। न ही खाने का सामान अंदर ले जाने की इजाजत होगी। परेड के दौरान उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन की सेवाएं भी दोपहर साढ़े बारह बजे तक बंद रहेंगी। ट्रैफिक डाइवर्जन के कारण कई बसों की रूट भी बदले जाएंगे।
शुक्ला ने कहा कि ऐसे में लोगों को सलाह है कि वह यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें और डीटीसी बस व मेट्रो ट्रेन से गंतव्य स्थान पर पहुंचे। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए लोग मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.