पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआम आदमी पार्टी ने दक्षिणी दिल्ली के एक इलाक़े में युगांडा की कुछ महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में फंसे क़ानून मंत्री को फ़िलहाल क्लीन चिट दे दी है. गुरूवार को पार्टी की पॉलिटिकल अफ़ेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक के बाद ये फ़ैसला लिया गया.
पीएसी की बैठक के बाद \'आप\' के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि इस बात का एक भी सबूत नहीं है कि भारती ने यूगांडा की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया था.
योगेंद्र यादव ने कहा कि इस मामले में दिल्ली के उपराज्यपाल ने न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं और जांच रिपोर्ट के बाद ही कोई अंतिम फ़ैसला किया जाएगा.
सोमनाथ भारती पर आरोप है कि पिछले सप्ताह दक्षिणी दिल्ली के खिड़की टेंशन इलाक़े में रह रही कुछ अफ़्रीक़ी महिलाओं के मकानों की तलाशी लेने और उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए पुलिस को आदेश दिए जिसे मौक़े पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने मानने से इनकार कर दिया था.
\'आप\' पार्टी और सरकार का कहना है कि पुलिस की जानकारी में वहां ड्रग्स और वेश्यावृत्ति का धंधा होता है जबकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि क़ानून मंत्री ने पुलिस के काम में दख़लअंदाज़ी करने की कोशिश की.
आरोपभारती पर ये आरोप भी हैं कि वे अपने समर्थकों की मदद से कुछ महिलओं को जबरन एम्स अस्पताल ले गए और उनका मेडिकल टेस्ट करवाया.
पार्टी ने युगांडा की महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार पर तो क़ानून मंत्री का साथ दिया है लेकिन सार्वजनिक रूप से उनके ज़रिए दिए गए कुछ बयानों की निंदा की है.
पार्टी ने सोमनाथ भारती को अपने बयानों के लिए माफ़ी मांगने की सलाह दी है और आइंदा इस तरह की भाषा से परहेज़ करने को कहा है.
ग़ौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली पुलिस के कुछ अधिकारियों के निलंबन और तबादले की मांग को लेकर रेल भवन के सामने धरने पर बैठे थे उस समय एक भाषण के दौरान सोमनाथ भारती ने राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भाजपा के अरूण जेटली और सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश सालवे के ख़िलाफ़ बहुत ही अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था.
इस्तीफ़े की मांगइस बीच सोमनाथ भारती के इस्तीफ़े के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर दबाव बढ़ता जा रहा है.
दिल्ली महिला आयोग ने तो पहले ही भारती को समन भेज रखा है, गुरूवार को कांग्रेस और भाजपा दोनों ने उनके इस्तीफ़े की मांग तेज़ कर दी.
गुरूवार को प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली की अध्यक्षता में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप-राज्यपाल नजीब जंग से मुलाक़ात की और उनसे दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए जाने की अपील की ताकि पुलिस इस मामले में पूरी ईमानदारी से जांच करे.
लवली के अनुसार पुलिस ने अभी तक इस मामले में ठीक से जांच नहीं की है.
उधर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने सोमनाथ भारती की तत्काल बर्ख़ास्तगी की मांग की.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.