पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • \'घर वापसी\' होती आई है, होती रहेगी: आदित्यनाथ

\'घर वापसी\' होती आई है, होती रहेगी: आदित्यनाथ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

समीरात्मज मिश्र

बीबीसी संवाददाता, दिल्ली

आगरा में हुए कथित सामूहिक धर्मांतरण का मामला संसद से सड़क तक चर्चा में है. आरोप है कि कुछ मुसलमानों को धोखे सा या डराकर हिन्दू बनवाया गया है.

लेकिन भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के गोरखपुर सांसद योगी आदित्यनाथ मानते हैं कि इन लोगों ने स्वेच्छा से धर्म बदला है.

वो कहते हैं, \"उन लोगों ने हिन्दू संगठनों से देवी जी की एक मूर्ति की माँग की थी. वो पूजा करना चाहते थे. उनका कहना था कि हमारे पूर्वज हिन्दू थे इसलिए हम भी हिन्दू बनना चाहते हैं.\"

हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उन्हें गुमराह किया गया था.

\'घर वापसी\'

इस सब के बीच योगी मानते हैं कि जब मीडिया ने इस ख़बर तो हाईलाइट किया तो मुस्लिम कट्टरपंथियों और प्रशासन ने दबाव देना शुरू कर दिया.

योगी आदित्यनाथ कहते हैं, \"वो लोग स्वेच्छा से हवन कर रहे थे. क्या कोई किसी को बांधकर हवन करवाता है. उस समय के उनके चेहरे के भाव और बाद में बयान देते हुए उनके चेहरे के भाव से अनुमान लगाया जा सकता है कि वो किसी भारी दबाव में ऐसे बयान दे रहे हैं.\"

ख़बरों के अनुसार अलीगढ़ में 25 दिसंबर को कथित घर वापसी या धर्मांतरण का बड़ा कार्यक्रम होने वाला है.

योगी ने बीबीसी को बताया कि वो इस कार्यक्रम में शामिल होंगे. वो कहते हैं, \"25 दिसंबर का कार्यक्रम 12-15 साल से लगातार होता आ रहा है. हर साल दो-चार हज़ार लोगों की \'घर वापसी\' होती है. मैं ख़ुद दो बार 25 दिसंबर को ऐसे कार्यक्रमों में शामिल हो चुका हूँ.\"

इस बार चर्चा क्यों?

अगर यह कार्यक्रम सालों से होता आ रहा है तो इस बार इसपर इतनी चर्चा क्यों हो रही है?

योगी मानते हैं, \"विपक्ष दलों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है. इसलिए ऐसे मुद्दे के सहारे वो अपनी डूबती नैया बचाने की कोशिश कर रहे हैं.\"

योगी मानते हैं कि अगर धर्मांतरण रोकना है तो इसके ख़िलाफ़ क़ानून बनाना चाहिए.

वो कहते हैं कि जब अटल बिहारी वाजपेयी ने 1998-99 में धर्मांतरण को रोकने के लिए क़ानून बनाने की बात कही तो विपक्ष ने इस विचार का विरोध किया था.

\'मीडिया ने दिया तूल\'

योगी आदित्यनाथ ने कहा , \"जब धर्मांतरण का क़ानून नहीं बन सकता तो आगरा की घटना का विरोध क्यूँ कर रहे हैं. अगर मुसलमान या ईसाई से हिन्दू बनना ग़लत है तो हिन्दू से मुसलमान या ईसाई बनना भी ग़लत है.\"

कई राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि भाजपा इस मुद्दे को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के देखते हुए तूल दे रही है.

योगी इससे इनकार करते हुए कहते हैं, \"तूल हमने नहीं मीडिया ने दिया है. मैं फिर से कह रहा हूँ कि यह पहली बार नहीं हो रहा है, हर साल होता है और आगे भी हम लोगों का यह कार्यक्रम अनवरत चलेगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)