पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआदित्यपुर(जमशेदपुर). पहली बार हो रहे आदित्यपुर नगर निगम के चुनाव में छिटपुट हिंसक घटनाओं के बीच 61.8 प्रतिशत मतदान हुअा। पिछली बार यहां 61.2 फीसदी वोट पड़े थे। कड़ी धूप और गर्मी में मतदाता सुबह सात बजे से ही मतदान करने बूथ पर पहुंच गए थे। धूप होने के बावजूद कतारबद्ध होकर मतदान किया। सुबह में जैसे ही मतदान शुरू हुअा, कई बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी आ गई।
वार्ड 31 में पार्षद पद की दो महिला प्रत्याशी किरण देवी और अंजलि सिंह भिड़ गईं। किरण ने अंजलि के देवर अजय सिंह पर केस दर्ज कराया है। इधर, बूथ 31 ए में पोलिंग एजेंटों ने ईवीएम में 300 वोट बढ़ने की शिकायत करते हुए हंगामा किया। उनके पास 898 वोट पड़ने का प्रमाण था, जबकि ईवीएम में 1198 वोट दर्शा रहा था। चुनाव अधिकारियों ने इसे मानवीय भूल बताकर मामले को शांत कराया।
अव्यवस्था : बूथ खोजने में मतदाताओं को हुई परेशानी
नगर निगम में वार्ड बढ़ने और नए सिरे से परिसीमन होने की वजह से मतदाताओं के नाम दूसरे बूथ में शामिल किए गए थे, इस वजह से मतदान करने आए मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बार बूथ अरेंजमेंट भी इस प्रकार किया गया था कि एक वार्ड का बूथ दूसरे वार्ड में बना दिया गया था। इससे भी परेशानी हुई।
एक बजे तक 41% वोटिंग, बाद में सुस्ती
आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। पहले दो घंटे में 18% वोटिंग हुई। दोपहर एक बजे तक 41% मतदान हुआ। आखिरी के चार घंटों में महज 20% ही वोट पड़े। यानी दिन के पहले हाफ में मतदाताओं में उत्साह दिखा। इसके बाद सुस्ती देखी गई। आदित्यपुर में कुल 108955 मतदाता हैं। इनमें 57988 पुरुष और 50967 महिला वोटर हैं। पोलिंग का प्रतिशत 61.8 फीसदी रहा। करीब 65 हजार मतदाता ने मताधिकार का प्रयोग किया है। पिछले चुनाव को देखा जाए तो मात्र 0.6% मतदान में वृद्धि हुई।
बोगस वोटिंग करते 1 को पुलिस ने पकड़ा
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 1 से 9 तक छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। मतदाता सुबह से कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। शाम 5 बजे तक वार्ड 1 में 79 प्रतिशत, वार्ड 2 में 75, वार्ड 3 में 68, वार्ड 4 में 52, वार्ड 5 में 53, वार्ड 6 में 67, वार्ड 7 में 67, वार्ड 8 में 68 व वार्ड 9 में 70 प्रतिशत मतदान हुआ। वार्ड 3 में मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई। इसकी शिकायत आदित्यपुर पुलिस से की गई है। वार्ड 4 में बोगस वोटिंग को लेकर एक मतदाता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.