पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबारूण (औरंगाबाद). औरंगाबाद में झुमरडिहरा गांव के पास बालू लदे ट्रैक्टर ने गुरुवार सुबह आठ बजे 20 साल के युवक गौतम कुमार को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के आने से पहले ही पुलिस शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी। इससे नाराज ग्रामीणों ने शव को पुलिस की गाड़ी से जबरन उतार लिया और थाने के सामने रख दिया। इसके बाद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने शव उठाने के लिए बल प्रयोग किया तो भीड़ और उग्र हाे गई और थाने पर पथराव कर दिया। थाने में घुसकर परिसर में रखीं 26 गाड़ियाें को भी फूंक डाला। इसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सात राउंड फायरिंग की। डेढ़ घंटे थाने के आसपास का इलाका रणक्षेत्र बना रहा। पथराव में थानाध्यक्ष समेत 12 जवान घायल हो गए। वहीं लाठीचार्ज में 50 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। एसपी डॉ. सत्य प्रकाश ने बताया कि उपद्रव करने के अारोप में अबतक 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान में पुलिस जुटी है।
पुलिस पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी शव, लोगों को लगा रफा-दफा का हो रहा प्रयास और भड़क गई भीड़
- हादसे के बाद पुलिस परिजनों के आने से पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी। लोगों को लगा कि पुलिस मामले काे रफा-दफा करने की कोशिश में शव को ठिकाने लगाने की तैयारी में है। इसी आशंका में वहां मौजूद ग्रामीण उग्र हो गए। मृतक 20 वर्षीय गौतम कुमार बारूण के निमटोली निवासी कामदेव पासवान का बेटा था। गौतम बड़े भाई जयप्रकाश कुमार को बिजली परियोजना में छोड़कर वापस बाइक से लौट रहा था। तभी नवीनगर-बारूण रोड के झुमरडिहरा गांव के पास सड़क पर बालू लदे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
थाने के कमरों में दुबके रहे थानाध्यक्ष और सभी जवान
भीड़ के अंधाधुंध पथराव के बाद पुलिस के जवानों ने थाने के कमरों में दुबककर कर जान बचाई। करीब डेढ़ घंटे तक थानाध्यक्ष भी दुबके रहे। हालांकि उन्होंने इसकी सूचना वरीय अफसरों को दे दी। सूचना पाकर सदर एसडीओ, एसडीपीओ व पुलिस लाइन से क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। फिर तुरंत एसपी ने भी माैके पर पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया।
बालू लदे वाहनों पर लगाम की मांग पर कार्रवाई नहीं
- बारूण और नवीनगर में बालू माफियाओं का कब्जा है। इसका खुलासा प्रशासन की जांच में हो चुका है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पुलिस व बालू माफिया के गठजोड़ से आए दिन लोगों की जानें जा रही हैं। 23 दिन के अंदर चार लोगों की मौत हो चुकी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.