पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हर सूचना पर चौकन्नी रही पुलिस, सुबह 5.30 से सड़कों पर निकले अफसर, शांति से गुजरा दिन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

ग्वालियर.   शहर में 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुए उपद्रव के बाद शनिवार को आंबेडकर जयंती पर पुलिस ने सुरक्षा के भारी इंतजाम किए थे। शहर में 2500 पुलिस जवान तैनात रहे। प्रत्येक प्रतिमा पर पुलिस तैनात की गई थी। थाटीपुर के सुरेश नगर, बजरिया और अजाक्स कार्यालय में लगी प्रतिमाओं पर ज्यादा सतर्कता थी। सुरेश नगर में प्रतिमा स्थल के आसपास 4 से ज्यादा लोगों को धारा 144 लागू होने की वजह से इकट्ठा नहीं होने दिया गया। वहीं फूलबाग स्थित आंबेडकर पार्क में केंद्र और प्रदेश के मंत्रियों के साथ 10 से ज्यादा लोगों का काफिला पहुंचा लेकिन किसी पुलिस और प्रशासनिक अफसर ने आपत्ति नहीं की।  


शनिवार सुबह 5.30 बजे से आईजी अंशुमान यादव, डीआईजी मनोहर सिंह वर्मा और एसपी डॉ. आशीष शहर में निकल पड़े थे। सबसे पहले वह थाटीपुर में उस स्थान पर पहुंचे, जहां उपद्रव में दो लोगों की मौत हुई थी। यहां पर उन्हाेंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और थाटीपुर के सुरेश नगर, बजरिया, अजाक्स कार्यालय और पंचशील नगर में स्थित आंबेडकर प्रतिमाओं पर सुरक्षा की स्थिति देखी। इसके बाद शहर भर में सुरक्षा प्रबंधों का दोपहर तक जायजा लेते रहे। इसके अलावा थाटीपुर के बजरिया स्थित प्रतिमा स्थल पर शांति समिति के संत कृपाल सिंह, काजी अब्दुल हमीद कादरी के साथ सुधीर मंडेलिया, सुरेंद्र परमार और अर्जुन जाटव पहुंचे थे। अजाक्स कार्यालय में स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर भी स्थानीय लोग और अजाक्स से जुड़े पदाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।

 

सुरेश नगर में 4 से ज्यादा लोग नहीं जाने दिए प्रतिमा स्थल पर, फूलबाग में नेताओं के साथ काफिला भी गया  

 

 

- फूलबाग : फूलबाग आंबेडकर पार्क में  केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश की  मंत्री माया सिंह, जयभान सिंह पवैया, नारायण सिंह कुशवाह, महापौर विवेक शेजवलकर, सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी भीड़ के साथ पहुंचे। लेकिन यहां पर पुलिस अफसरों ने कोई रोक-टोक नहीं की। इसके बाद उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया भी पहुंचे। मंत्रियों का काफिला निकलने के बाद धारा 144 के चलते 4 से ज्यादा लोगों को इकट्ठे नहीं होने दिया।

- सुरेश नगर : थाटीपुर के सुरेश नगर में कम्युनिटी हॉल के बगल के पार्क में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। यहां  पुलिस की तगड़ी सुरक्षा थी। प्रतिमा के नजदीक 4 से ज्यादा लोगों को नहीं पहुंचने दिया जा रहा था। जैसे 4 से ज्यादा लोग यहां पर इकट्ठे होते थे, पुलिस जवान उन्हेंं टाेककर बाहर कर देते थे।  

 

 

इन संगठनों ने भी अर्पित की बाबा साहब को पुष्पांजलि

कांग्रेस-  कांग्रेस अभियान कार्यक्रम आंदोलन समिति के संयोजक रमेश अग्रवाल, चतुर्भुज धनोलिया, अतिसुंदर सिंह, हरिसिंह नरवरिया, केसी राजपूत ने बाबा साहब को पुष्पांजलि अर्पित की।  
माकपा-  राज्य सचिव जसविंदर सिंह, जिला सचिव अखिलेश यादव ने बाबा साहब की जयंती संविधान और लोकतंत्र बचाओ दिवस के रूप में मनाई। 
अखिल भारतीय हिंदू महासभा- लक्ष्मण सोनी, गिरवर पाल, विक्रम भगत ने पुष्पांजलि अर्पित की। 
समाजवादी पार्टी- नेता अवतार सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सोनू सिंह राजावत, पूरन सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित की। 
अजाक्स कार्यालय- संत कृपाल सिंह एवं शहर काजी के मुख्य आतिथ्य में अंबेडकर जयंती मनाई गई।  
जन उत्थान न्यास- कार्यालय में भाजपा नेता सतीश सिकरवार, आरडी महोडिया, सुसेंद्र सिंह परिहार, सुरेश नीखरा ने पुष्पांजलि अर्पित की। 
राष्ट्रीय क्षत्रिय महासभा-  राजकुमार सिसोदिया, हेमंत रघुवंशी ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी। 
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय विधिक साक्षरता मिशन ने संगोष्ठी का आयोजन किया। संगोष्ठी में डॉ. विनोद कुमार श्रोतिय, सुब्रत शर्मा, नरेंद्र सिंह कुशवाह, यशोधरा भदौरिया शामिल थीं। 
- डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा प्रसार एवं समाज सेवा समिति, परिवर्तन महिला मंडल, पंचशील शिक्षा प्रसार समिति, थाटीपुर नव निर्माण समिति, भोजपुरी समाज समिति के पदाधिकारियों ने बाबा साहब को याद किया।

 

पुलिस फोर्स अभी रुकेगा, उपद्रवियों की पहचान के लिए विशेष टीमें लगेंगी

- भारत बंद के दौरान 2 अप्रैल काे हुए उपद्रव के बाद शहर में आया अतिरिक्त पुलिस फोर्स अभी लौटेगा नहीं। पहले अफसर स्थिति की समीक्षा करेंगे और उसके बाद धीरे-धीरे फोर्स को हटाया जाएगा। शहर में उपद्रव के दौरान सागर, उज्जैन और भोपाल से 1500 जवानों को बुलाया गया था। 
- शनिवार को शांति बहाल रहने के बाद अब एक बार फिर स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद ही फोर्स को कब लौटाना है यह तय किया जाएगा। एसपी डॉ. आशीष का कहना है कि अब हालात सामान्य हो रहे हैं, इसलिए फोर्स लौटाने पर भी फैसला कर लिया जाएगा। लेकिन फोर्स को धीरे-धीरे लौटाया जाएगा। 

 

उपद्रवियों की पहचान के लिए टीमें बनाई जाएंगी
 2 अप्रैल को उपद्रव करने वालाें के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी रखेगी। अंबेडकर जयंती पर शांति बहाल रहने के बाद अब उपद्रवियों की पहचान का काम तेज कर दिया जाएगा। फुटेज देखने, उपद्रवियों के फोटो निकालने और फोटो को थानों में भेजने काम सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा। पुलिस के पास जो फुटेज पहुंचे हैं, उनमें से लगभग 500 उपद्रवियों के चेहरे ऐसे आए हैं, जिन्हें पहचाना जा सकता है। एसपी डॉ. आशीष के अनुसार, उपद्रवियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के काम में अब तेजी आएगी।

खबरें और भी हैं...