पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकांग्रेस सांसद आनंद शर्मा पर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय परिसर में हुए हमले के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
शर्मा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि उनके निजी सुरक्षा अधिकारी ने यह मामला दर्ज कराया है.
शर्मा का कहना है कि शनिवार को वे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ विश्वविद्यालय परिसर गए थे, उस समय उन पर हमला हुआ.
उन्होंने कहा है कि जिस जगह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सभा चल रही थी, उससे कुछ दूर पर ही अंधेरे में उन पर हमला हुआ.
शर्मा ने बताया, \"हमले की वजह से कई जगहों पर मेरा शरीर छिल गया, मेरे बाएं कान से ख़ून बहने लगा.\"
शर्मा के मुताबिक़, हमलावरों ने उनके निजी सुरक्षा अधिकारी को भी पीछे से धक्का दिया.
उन्होंने कहा, \"आप हमसे असहमत हो सकते हैं. पर हम पर हमला करने का कोई हक़ आपको नहीं है.\"
शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को देशद्रोह के आरोप में गिरफ़्तार किया था. इस गिरफ़्तारी के विरोध में राहुल गांधी और आनंद शर्मा समेत कई कांग्रेसी नेता जेएनयू गए थे.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य
दूसरी ओर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उसके नाम से सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो को फ़र्जी क़रार दिया है.
इस वीडियो में कथित तौर पर दिखाया गया है कि कुछ लोग भारत विरोधी नारे लगा रहे हैं. सोशल मीडिया पर कहा गया है कि ये लोग परिषद के कार्यकर्ता हैं. ऐसा कहने वाले लोगों का आरोप है कि जो लोग भारत विरोधी नारे लगाते देखे गए हैं, वही लोग एबीवीपी के कार्यक्रम में भी देखे गए हैं.
लेकिन एबीवीपी का कहना है कि यह वीडियो ही नक़ली है, जो उसे बदनाम करने की नीयत से अपलोड किय गया है. वे इसकी शिकायत पुलिस में करेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.