पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. होटल सफायर इन के मालिक और शराब कारोबारी सुभाष शर्मा के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने 12 करोड़ की ठगी का एक आैर केस दर्ज किया है। आरोपी ने होटल के लिए एक्सेस बैंक से 10 करोड़ का लोन लिया था। एक साल बाद मरम्मत के लिए दो करोड़ का लोन लिया। बैंक का दावा है कि यह लोन गलत जानकारी देकर लिए गए थे। इसीलिए बैंक ने पहले होटल कुर्क किया, फिर पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया लेकिन इस केस में शराब कारोबारी की गिरफ्तारी इसलिए नहीं हो पाई क्योंकि धरमपुरा के जमीन फर्जीवाड़े के मामले में सुभाष शर्मा को सोमवार को जेल भेज दिया गया था।
सिविल लाइन टीआई हेमप्रकाश नायक ने बताया कि शैलेंद्र नगर में रहने वाले कारोबारी सुभाष शर्मा का राजेंद्र नगर में होटल सफायर इन है। इस होटल में उनकी पत्नी पार्टनर हैं। 40 कमरों के इस होटल के लिए 2014 में उन्होंने एक्सिस बैंक से 10 करोड़ का लोन लिया। एक साल तक होटल में काम करवाया। उसके बाद उसने होटल को कारोबारी धर्मेंद्र सिंह को 7 साल के लिए लीज पर दे दिया। कारोबारी सिंह हर साल जमीन का 4 लाख 50 हजार रुपए किराया देता था। दोनों के बीच एग्रीमेंट भी हुआ।
आरोपी ने 2015 में होटल की मरम्मत के लिए दो करोड़ का लोन लिया। उसने शपथ पत्र जमा किया कि होटल का संचालन वह खुद करता है, बैंक ने लोन दे दिया। लोन लेने के बाद आरोपी ने एक भी किश्त जमा नहीं किया। तब एक्सिस बैंक ने होटल के नाम नोटिस भेजा। तब धर्मेंद्र सिंह को इसकी जानकारी हुई मरम्मत के नाम पर दो करोड़ का लोन लिया गया है। उन्होंने बैंक से पूरी जानकारी निकाली और एग्रीमेंट की कॉपी वहां जमा की। बैंक ने 2016 में होटल को कुर्क कर लिया। एक्सेस बैंक के अधिकारी अनुपमा शुक्ला ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत की थी।
पुलिस कर रही एक और ठगी की जांच
कारोबारी सुभाष शर्मा के खिलाफ सिविल लाइन थाने में 4 करोड़ की ठगी की एक और शिकायत आई है। पुलिस इसमें जांच कर रही है। कारोबारी प्रकाश कलश ने शिकायत की है कि उनकी परिचित की जमीन को आरोपियों ने खरीदा था। चार करोड़ का चेक भी जारी किया, लेकिन पेमेंट रुकवा दिया। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
धरमपुरा की जमीन पर दो लोगों का कब्जा
धरमपुरा के डेढ़ एकड़ जमीन का पिछले 8 साल से विवाद चल रहा है। इसी जमीन को लेकर अलग-अलग केस दर्ज कराया गया है। एक केस गोलबाजार थाने में है और दूसरा सिविल लाइन थाने में। दोनों में आरोपी अलग-अलग हंै। पुलिस के अनुसार सुभाष शर्मा ने पूनम सिंह के साथ मिलकर 2010 में धरमपुरा की जमीन को पंजाब नेशनल बैंक के गिरवी रखकर 16 करोड़ 50 लाख का लोन लिया। आरोपियों ने गुडलक पेट्रोलियम के नाम से लोन लिया था। इसमें कारोबारी सुभाष शर्मा डाॅयरेक्टर है। 2012 में इसी जमीन के दो टुकड़े किए गए। पंडरी के होटल गुरु के मालिक त्रिलोचन सिंह सलूजा, परविंदर छाबड़ा और जगदीश सिंह बग्गा को 48 एकड़ जमीन 57 लाख में बेच दिया। 18 एकड़ जमीन कारोबारी शरद गोयल को बेच दिया। जमीन की रजिस्ट्री भी कराई गई। इस जमीन पर कारोबारियों ने अपना बोर्ड लगा है, जबकि पंजाब नेशनल बैंक ने कुर्क कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.