पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद। बिटकॉइन मामले में संलिप्त पूर्व विधायक नलिन कोटड़िया बार-बार समन देने के बावजूद सीआईडी क्राइम के समक्ष हाजिर नहीं हो रहे हैं। सीआईडी क्राइम ने कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। नलिन कोटड़िया के विदेश भाग जाने के डर से सीआईडी क्राइम जल्द ही लुक आउट नोटिस भी जारी करेगी। 6 मई को चंडीगढ़ में थे विधायक...
बिटकॉइन मामले में संलिप्त पूर्व विधायक नलिन काेटड़िया के 6 मई को चंडीगढ़ में होने की सीआईडी को जानकारी मिली थी। सीआईडी की टीम के पहुंचने से पहले ही काेटड़िया वहां से फरार हो गए। इसके बाद सीआईडी को अब तक नलिन कोटड़िया का लोकेशन नहीं मिल रहा है। नलिन कोटड़िया के संभावित आश्रय स्थानों पर पुलिस की छह टीमें सर्च कर रही हैं। बार-बार समन भेजने के बावजूद नलिन कोटड़िया सीआईडी के समक्ष हाजिर नहीं हो रहे हैं। सीआईडी क्राइम ने कोर्ट से नलिन कोटड़िया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिटकॉइन की रकम कोर्ट में जमा कराने बैंक में अकाउंट खुलवाया
12 करोड़ के 200 बिटकॉइन में से सीआईडी क्राइम ने केतन पालडिया के वॉलेट से 179 बिटकॉइन जब्त किया है। यह बिटकॉइन डॉलर में भुनाया जाएगा। इससे जो रकम मिलेगी उसे सीआईडी कोर्ट में जमा कराएगी। रूपए जमा कराने के लिए सीआईडी क्राइम ने बैंक में अकाउंट खुलवाया है।
नेक्सा कॉइन में सूरत के 10 लोगों का बयान लिया गया
केतन पालडिया द्वारा बिटकॉइन की तरह ही नेक्सा कॉइन में करोड़ों रुपए निवेश कराकर घोटाला करने की पुलिस को गुप्त जानकारी मिली है। इसकी जांच करते हुए सीआईडी क्राइम ने सूरत के 10 लोगों का बयान लिया है। बिटकॉइन की तरह नेक्सा कॉइन घोटाले की भी सीआईडी क्राइम की एक टीम जांच कर रही है।
बिटकॉइन के अवैध ट्रांजेक्शन के बारे में ईडी को भी बताया
बिटकॉइन मामले में सूरत के व्यापारी शैलेष भट्ट द्वारा सीआईडी द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शैलेष भट्ट के अवैध तरीके से बिटकॉइन ट्रांजेक्शन करने की सीआईडी की एक टीम गुप्त रूप से जांच कर रही है। सीआईडी क्राइम ने इस बारे में ईडी को भी जानकारी दी है। ईडी के अधिकारियों ने शैलेष भट्ट के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
सीआईडी क्राइम से समय मांगने के बाद भी हाजिर नहीं हो रहे हैं काेटड़िया
बिटकॉइन मामले में समन न मिलने का दावा करने वाले पूर्व विधायक नलिन कोटड़िया ने 11 मई को हाजिर होने के लिए सीआईडी क्राइम को पत्र लिखा था। नलिन कोटड़िया ने 12 मई तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई न किए जाने की मांग भी की थी। पत्र लिखने के बावजूद कोटड़िया सीआईडी के समक्ष हाजिर नहीं हुए। सीआईडी क्राइम अब तक कोटड़िया को तीन समन जारी कर चुकी है। पिछले दिनों सीआईडी क्राइम समन देने के लिए कोटड़िया के घर गई थी। कोटड़िया ने पत्र में कई खुलासा करने का भी दावा किया था। उधर, पिछले दिनों राजकोट के नानकू आहिर से जब्त 25 लाख रुपए को कोटड़िया ने जमीन बिक्री का पैसा बताते हुए कहा कि था उनके पास इसके पर्याप्त सबूत मौजूद हैं जो सीआईडी को सौंपेंगे।
सीआईडी ने केतन पालडिया के दोस्त से 10 लाख जब्त कर कार्रवाई शुरू की
बिटकॉइन मामले में सीआईडी क्राइम की टीम ने सूरत में रहने वाले केतन पालडिया के दोस्त से 10 लाख रुपए जब्त किया है। 12 कराेड़ के बिटकॉइन मामले में सीआईडी क्राइम अब तक 37 लाख रुपए जब्त कर चुकी है। शेष रकम जब्त करने की कार्रवाई सीआईडी की टीम द्वारा की जा रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.