रिलिजन डेस्क। तंत्र प्रयोगों में कई चीजों का उपयोग किया जाता है। ऐसी ही एक चीज है लघु नारियल। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. प्रफुल्ल भट्ट के अनुसार, ये नारियल दिखने में थोड़ा छोटा होता है। जिन दुकानों पर पूजा-पाठ का सामान मिलता है, वहां लघु नारियल आसानी से मिल जाता है। लघु नारियल का प्रयोग अनेक तंत्र प्रयोगों में किया जाता है, विशेषकर धन-संपत्ति प्राप्ति वाले उपायों में। लघु नारियल के कुछ साधारण उपाय इस प्रकार हैं-
1. 5 लघु नारियल एक बाजोट (लकड़ी का पटिया) पर स्थापित करें और उन सभी पर केसर से तिलक करें। हर नारियल पर तिलक करते समय 27 बार नीचे लिखे मंत्र का मन ही मन जाप करते रहें। इस उपाय से धन लाभ की संभावना बढ़ जाती है।
मंत्र- ऐं ह्लीं श्रीं क्लीं
2. 11 लघु नारियल मां लक्ष्मी के चरणों में रखें और वहीं बैठकर नीचे लिखे मंत्र की 2 माला जाप करें।
मंत्र- ऊं महालक्ष्म्यै च विद्महे विष्णुपत्नीं च धीमहि तन्नो लक्ष्मी प्रचोदयात्
इसके बाद उन नारियलों को एक लाल कपड़े में लेपटकर अपनी तिजोरी में रख लें। इस उपाय से देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
3. अगर आप चाहते हैं कि घर में कभी धन-धान्य की कमी न रहे और अन्न का भंडार भरा रहे तो 11 लघु नारियल एक पीले कपड़े में बांधकर रसोई घर के पूर्वी कोने में बांध दें।
4. लघु नारियल को घर के पूजा घर में स्थापित कर रोज उसकी पूजा करने से भी देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं घर में पैसों से संबंधित समस्याएं समाप्त हो जाती हैं।