पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. नोटबंदी के करीब सवा साल बाद एक बार फिर एटीएम पर ‘नो कैश’ के बोर्ड टंग गए हैं। देश के 10 राज्यों में एटीएम से नकदी नहीं मिल रही। इनमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, दिल्ली, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। बाकी राज्यों में भी दिक्कत सामने आने लगी है। इस पर वित्त मंत्रालय ने कहा कि तीन महीने से नकदी की मांग दोगुनी रही है। जबकि अप्रैल के शुरुआती 13 दिनों में तो सामान्य से पांच गुना ज्यादा करेंसी निकाली गई। सरकार 500 रु. के नोटों की छपाई पांच गुना बढ़ाने जा रही है। दो से तीन दिन में हालात सुधरने के आसार हैं।
गुजरात: सूरत में बैंक 50 हजार रु. तक ही निकासी की इजाजत दे रहे।
बिहार: मांग की 35% ही सप्लाई, लोगों ने बैंक कर्मियों को बंधक बनाया।
झारखंड: 17 जिलों में 445 एटीएम जांचे, 272 में ही कैश मिले।
मप्र: जमा और निकासी का अंतर रोजाना 700 करोड़।
छत्तीसगढ़: ज्यादातर इलाकों में 95% एटीएम बंद।
एटीएम में नकदी की कमी: वो सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं
क्या हुआ जनवरी से ही नकदी की मांग ज्यादातर राज्यों में दोगुनी हो गई थी
- देश में हर माह 19 से 20 हजार करोड़ रु. नकदी की मांग रहती है। पर जनवरी से मांग दोगुनी हो गई। जनवरी से मार्च में हर माह 40 से 45 हजार करोड़ रु. सप्लाई किए गए। इससे स्टॉक कम हुआ। सामान्यत: 3 लाख करोड़ के बदले अभी 1.75 लाख करोड़ का स्टॉक है। अप्रैल में शुरू के 13 दिन में 45 हजार करोड़ रु. की डिमांड रही। यानी रोज 3,461 करोड़ रु. निकले।
क्यों हुआ 2000 के नोट की छपाई बंद होना और शादी का सीजन बड़ी वजह
- 18 लाख करोड़ की नकदी चलन में है। इनमें 6.7 लाख करोड़ रु. दो हजार के नोटों में हैं। लोगों से ये नोट वापस नहीं आ रहे। इनकी छपाई भी बंद है।
- 2000 के नोट एटीएम में डालने पर 60 लाख रु. तक आते हैं। पर छोटी करेंसी 15 से 20 लाख रुपए तक के ही आते हैं।
- सिर्फ 30% एटीएम 200 के नोटों के लिए कैलिब्रेटेड हैं। और इस बीच शादी का सीजन जारी है।
और आगे क्या सभी 4 नोट प्रेस में छपाई तेज, 3 से 4 दिन में सुधार के आसार
- आरबीआई का कहना है कि उसके पास पर्याप्त नकदी है। लॉजिस्टिक कारणों से कुछ राज्यों में एटीएम में नकदी भरने और कैलिब्रेशन की प्रक्रिया जारी रहने से दिक्कतें हैं। फिर भी सभी चार नोट प्रेसों में छपाई तेज कर दी गई है।
और ये अंदेशा: संदेह है कि दो हजार के नोटों की जमाखोरी हो रही है। निपटने के लिए 500 के नोटों की छपाई 5 गुना बढ़ाई जाएगी।
5 स्तरों पर सफाई; वित्तमंत्री समेत दो मंत्री, एक अफसर, मंत्रालय और आरबीआई ने कहा- जल्द सुधरेंगे हालात...
मंगलवार को सरकार ने पांच स्तरों पर सफाई दी। वित्त मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि सरकार के पास पैसे की दिक्कत नहीं है। वित्त राज्य मंत्री और आर्थिक मामलों के सचिव ने मीडिया से बात की। वित्त मंत्रालय और रिजर्व बैंक की ओर से बयान जारी किए गए। कहा गया कि राज्यों और आरबीआई में कमेटी बनाकर राज्यों के बीच करेंसी का असंतुलन खत्म किया जाएगा। इसमें दो से तीन दिन लग सकते हैं।
देवास से लाइव नोटबंदी के बाद दूसरी बार लिया गया तीसरी शिफ्ट शुरू करने का फैसला
देवास| 18 अप्रैल से देवास बैंक नोट प्रेस में 24 घंटे मशीनें चलाई जाएंगी। इसके लिए 9 घंटे की तीसरी शिफ्ट शुरू कर दी गई है। नोटबंदी के बाद दूसरा मौका है जब 24 घंटे मशीनें चलेंगी। जनवरी में चोरी कांड के बाद उत्पादन 50 लाख नोट प्रतिदिन रह गया है। नोटबंदी के बाद यह 150 लाख तक गया था। तीसरी शिफ्ट शुरू होने से 100 लाख तक पहुंच सकता है।
राहुल का ट्वीट
समझो अब नोटबंदी का फरेब
आपका पैसा नीरव मोदी की जेब मोदीजी की क्या ‘माल्या’ माया नोटबंदी का आतंक दोबारा छाया देश के ATM सब फिर से खाली बैंकों की क्या हालत कर डाली...
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.