मामूली नोक-झोंक का बदला लेने के लिए युवक पर हमला
पंचकूला | पिजौंर के नानकपुर गांव में रहने वाले एक युवक पर उस समय हमला किया गया जब वो अपने एक रिश्तेदार की मड़ावाला स्थित दुकान में बैठा था। कुछ युवकों ने अंदर घुसकर युवक के साथ मारपीट की और उसके साथ ही दुकान का सामान भी तोड़ दिया। जिसके बाद मामले की शिकायत पिंजौर पुलिस थाने में दी गई। जिस पर पुलिस ने कुछ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। असल में नानकपुर के रहने वाले ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है, कि कुछ दिन पहले ही एक शादी कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों के साथ उसकी बहस हो गई थी। जिसके बाद अब उन्हीं में से विक्की यहां कुछ युवकों के साथ दुकान पर आया था। जब ओमप्रकाश अपनी बुआ के बेटे की दुकान के अंदर बैठा था, तो विक्की हाथ में गंडासी लेकर यहां आया था। जिसके बाद उसने आते ही उसके सिर पर गंडासी को मारा और बाकी युवकों ने सामान तोड़ने के साथ साथ उस पर हमला किया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा होने के बाद विक्की अपने साथियों के साथ फरार हो गया। जिसके बाद ओमप्रकाश को जहां अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस ने विक्की और उसके साथियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 452, 34, 506 के तहत मामला दर्ज किया है।