पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. सनौली रोड पर मलिक पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार दोपहर को विवाद में एक युवक ने चाकू मारकर अपने ही दोस्त 18 वर्षीय मुकेश कुमार की गर्दन काट दी। आरोपी ने चाकू इतनी तेज मारा कि गर्दन पर करीब 4 इंच का घाव हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसको खानपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसको शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल के बयान पर बलजीत नगर चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है। मुकेश कुमार पुत्र नरेश बबैल रोड पर भारत नगर में रहता है।
पीड़ित की जुबानी....करीब एक फीट लंबे चाकू से किया गर्दन पर वार
मैं सनौली रोड पर मलिक पेट्रोल पंप के पास एक फैक्ट्री में नौकरी करता हूं। चावला कॉलोनी निवासी सोनू से काफी सालों से जान पहचान है। करीब 15 दिन पहले हम नाले के पास शराब पार्टी कर रहे थे। सोनू व अन्य ने विवाद में ज्यादा शराब पिलाकर मेरे साथ मारपीट की। तब से सोनू मुझे नहीं मिला। शुक्रवार दोपहर को मैं मलिक पेट्रोल पंप के पास गली नंबर 11 में था, तभी वहां पर सोनू मिल गया। मैंने सोनू से मारपीट करने का कारण पूछा तो वह फिर से धमकाने लगा। मैंने उसको धक्का दिया तो उसने करीब एक फीट लंबा चाकू निकालकर मेरे गर्दन पर मार दिया। लोगों को आते देख सोनू मौके से भाग गया। बाद में परिजनों ने मुझे सिविल अस्पताल में पहुंचाया। -(जैसा कि मुकेश ने बताया)
पट्टी करने के बाद भी बंद नहीं हुआ खून
मुकेश पर चाकू से हमला होते ही खून की धार लग गई। सिविल अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उसके सारे कपड़े खून से सन गए। नर्सिंग स्टाफ ने घाव पर पट्टी की, लेकिन खून बहना बंद नहीं हुआ। फिर दूसरी पट्टी की गई और नर्सिंग कर्मी पट्टी पर हाथ रखकर खड़ा रहा। मुकेश ने बताया कि सोनू चावला कॉलोनी में किराए पर रहता है। बलजीत नगर चौकी इंचार्ज सतबीर सिंह ने बताया कि आरोपी सोनू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.