पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगुरदासपुर(लुधियाना). एक पत्नी के होते दूसरी शादी करने जा रहे युवक पर पहली पत्नी ने परिवार वालों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस घटना में दूल्हे का जीजा जख्मी हो गया, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। घटना का पता चलते ही थाना सिटी की पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। दूल्हे ने लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है तथा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ये था मामला...
दूल्हा बने राजन पुत्र केवल निवासी माॅडल टाउन धारीवाल ने बताया कि उसकी पहली शादी रितु पुत्री युनुस मसीह निवासी गांव सुखचैनिया के साथ हुई थी, लेकिन दोनों में अनबन होने से हमारा एक महीने पहले कोर्ट में तलाक हो चुका है। आज (शुक्रवार) मेरी गुरदासपुर के गांव मान कौर सिंह में शादी थी, लेकिन दोपहर करीब 11 बजे जब हम लोग बारात लेकर लड़की वालों के घर जा रहे थे, तो लड़की वालाें के घर से कुछ दूरी पर रितु ने अपने परिजनों के साथ बारात पर हमला कर हम सभी से मारपीट की, जिसमें तेजधार हथियार लगने से मेरे जीजा जख्मी हो गए, उन्हें सिविल में भर्ती करवाया गया है। उधर, थाना सिटी के एएसआई स्वर्ण सिंह ने कहा कि उनके पास शिकायत आई है, लेकिन अभी तक जख्मी की एमएलआर नहीं मिली, जिस वजह से अभी कार्रवाई नहीं हुई। डाक्टरी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
5 साल पहले रितु से हुई थी शादी, महीना पहले कोर्ट में हुआ तलाक : राजन
दूसरी शादी करने जा रहे राजन का कहना है कि उसकी शादी करीब 5 साल पहले रितु के साथ हुई थी। लेकिन, आपस में अनबन रहने के कारण अकसर घर में झगड़ा होता रहता था, जिस कारण उसने कोर्ट में तलाक के लिए निवेदन किया था। वहीं, करीब एक महीना पहले हमारा कोर्ट में तलाक हो चुका है।
हाईकोर्ट ने आदेश दिया था आपस में राजीनामा कर लो, अभी तक तलाक नहीं हुआ : रितु
दूसरी तरफ रितु पुत्री यूनुस मसीह का कहना है कि हाईकोर्ट द्वारा सिर्फ यह आदेश दिया गया था कि आप लोग आपस में राजीनामा कर लो। हमारा अभी तक कोई तालाक नहीं हुआ है। राजन मुझसे तलाक लिए बिना ही दूसरी शादी कर रहा है। रितु ने बताया कि राजन की गुरदासपुर के गांव मान कौर सिंह के जिस घर की लड़की के साथ शादी थी, उसने भी घटना के बाद शादी से इनकार कर दिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.