पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमुंबई. देश में महिला आईपीएल की दिशा में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कदम बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। एक अनूठी पहल के तहत पहली बार बीसीसीआई आईपीएल की तर्ज पर ही महिला टी-20 चैलेंज मैच आयोजित कर रहा है। इसके लिए गुरुवार को बीसीसीआई ने महिला खिलाड़ियों की टीम की घोषणा कर दी है। सबसे खास बात यह है कि इस मैच का आयोजन मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम में ठीक आईपीएल क्वालिफायर-1 के मैच से पहले किया जाएगा। बीसीसीआई ने आईपीएल सुपरनोवास टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर और आईपीएल ट्रेलब्लेजर्स की कप्तानी स्मृति मंधाना को सौंपी है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों समेत कुल 26 खिलाड़ियों के नाम की बीसीसीआई ने घोषणा की है।
आईपीएल क्वालीफायर से पहले होगा मैच
- बीसीसीआई ने कहा, "महिला टी-20 चैलेंज मैच का आयोजन आईपीएल क्वालीफायर-1 से पहले दोपहर में खेला जाएगा। उसके बाद आईपीएल क्वालीफायर-1 आयोजित किया जाएगा। यह अपने आप में एक अनूठा मैच है, जिसके लिए प्रत्येक टीम में 13-13 खिलाड़ियों को रखा गया है। कुल 26 खिलाड़ियों में से 10 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। ये खिलाड़ी आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड से हैं।"
महिला आईपीएल की तरफ बढ़ते कदम
- कहा जा रहा है कि बीसीसीआई महिला टी-20 चैलेंज मैच की मदद से भारत में महिला आईपीएल की संभावनाओं की तलाश करना चाहता है। अगर परिणाम सकारात्मक रहे तो फिर आईपीएल की तर्ज पर ही महिला आईपीएल का ब्ल्यू प्रिंट तैयार किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि महिला आईपीएल के प्रति दर्शकों के रूझान को देखने के लिए ही इस मैच का आयोजन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल क्वालिफायर-1 से ठीक पहले किया जाएगा।
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई अधिकारियों का कहना है कि यह छोटा लेकिन महिला आईपीएल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में इससे युवा महिला खिलाड़ी सामने आएंगी। क्रिकेट में आईपीएल सबसे पॉपुलर फार्मेट है। ऐसे में भारत में महिला आईपीएल की संभावनाएं तलाशना एक बेहतरीन कदम है।
टीमें-
आईपीएल ट्रेलब्लेजर्स: स्मृति मंधाना (कप्तान), एलिसा हिली (विकेट कीपर), सूजी बेट्स, दीप्ति शर्मा, बेथ मूनी, जेमिमा रोड्रिगज, डेनियल हेजेल, शिखा पांडे, ली ताहुहु, झूलन गोस्वामी, एकता बिस्ट, पूनम यादव, दयालन हेमालता।
आईपीएल सुपरनोवास: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), डेनियल वैट, मिताली राज, मेग लेनिंग, सोफी डेविन, एलिस पेरी, वेदा कृष्णामूर्ति, मोना मेश्राम, पूजा वस्त्रकार, मेगन स्कट, राजेश्वरी गायकवाड़, अंजू पाटिल, तानिया भाटिया (विकेट कीपर)।
दोनों कप्तानों का टी-20 क्रिकेट में प्रदर्शन
| खिलाड़ी | मैच | रन | औसत |
| हरमनप्रीत कौर | 77 | 1401 | 25.94 |
| स्मृति मंधाना | 36 | 767 | 24.74 |
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.