पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंग्वालियर. किसी शरारती तत्व ने बीडीएस फोर्थ प्रोफ के छात्रों का फर्जी परीक्षा कार्यक्रम सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इससे छात्रों की चिंता बढ़ गई। छात्र मंगलवार को परीक्षा नियंत्रक (सीई) डॉ. राकेश कुशवाह के पास पहुंचे और कहा कि आपके और डीआर के डिजिटल साइन से बीडीएस फोर्थ का परीक्षा कार्यक्रम जारी किया गया है। जिसमें यह बताया गया है कि जेयू द्वारा बीडीएस फोर्थ प्रोफ की परीक्षाएं 30 मई से होंगी।
इस पर परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि किसी ने फर्जी परीक्षा कार्यक्रम वायरल कर दिया है। उन्होंने अभी बीडीएस का कोई परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया। सोशल मीडिया में वायरल परीक्षा कार्यक्रम में किसी ने उनके डिजिटल साइन फोटोशॉप का उपयोग कर उठाए हैं।
30 मई से परीक्षा की तारीख देख छात्र हुए चिंतित
सोशल मीडिया में वायरल हुए फर्जी परीक्षा कार्यक्रम के मुताबिक बीडीएस फोर्थ प्रोफ के छात्रों की परीक्षाएं 30 मई से शुरू होना बताया गया है। यह परीक्षाएं 18 जून तक चलेंगी। साथ ही परीक्षा केंद्र जेयू के परीक्षा भवन में दर्शाया गया है। परीक्षा नियंत्रक से छात्रों का कहना था कि बीडीएस फर्स्ट प्रोफ, सेकंड, थर्ड व फोर्थ प्रोफ के परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख बुधवार को है। अभी उन्होंने परीक्षा की तैयारी भी अच्छी तरह से नहीं की है।
परीक्षा कार्यक्रम देखकर उनकी चिंता बढ़ गई थी। इस पर परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि जेयू द्वारा जो भी परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाता है वह यूनिवर्सिटी के पोर्टल पर अपलोड किया जाता है इसलिए सोशल मीडिया में वायरल होने वाले ऐसे परीक्षा कार्यक्रम को सच नहीं मानें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.