- Hindi News
- National
- Medininagar News Beautification Of Pond Larger Than 15 Million But Encroachment On Large Portion
4 .15 करोड़ से बड़ा तालाब का हो रहा सौंदर्यीकरण, पर बड़े हिस्से पर अतिक्रमण
नगर निगम ने शहर के सुंदरीकरण के तहत कराए जा रहे तालाब सौंदर्यीकण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है । हालांकि यह कार्य शिलान्यास के बाद कई महीनों बाद शुरू किया किया जा सका है, लेकिन इसके बाद भी सुंदरीकरण का कार्य शुरू हो जाने से लोगों में एक नई उम्मीद जगी है । जैसा कि नगर निगम द्वारा कहा गया है तालाब सुंदरीकरण के तहत इसे शहर के एक ऐसे स्थल के रूप में विकसित किया जाना है, जहां लोग सुबह- शाम भ्रमण के लिए आ सकें और अपना समय व्यतीत कर सकें । तालाब सुंदरीकरण के क्रम में बाबासाहब अंबेडकर की मूर्ति का जीर्णोद्धार भी कराया जाना है । लेकिन काम शुरू होने के बाद भी शहर के लोग इस बात से सशंकित हैं कि यह कार्य उस रूप में पूरा हो सकेगा, जिस रूप में इसे बनाए जाने की बात कही गई है । इस संबंध में नगर निगम आयुक्त दिनेश प्रसाद का कहना है कि तालाब सुंदरीकरण के काम को इस रूप में लिया गया है, जहां शहर के लोगों के लिए यह स्थान एक देखने और घूमने लायक जगह बन सके।
चहारदीवारी से निकली ईंटों का दुरूपयोग
लोगों का कहना है कि तालाब सौंदर्यीकरण का काम बेहद उपयोगी है, लेकिन जिस तरह से काम चल रहा है, उससे यह प्रतीत होता है कि इस बार भी यह योजना केवल पैसे की बंदरबांट के लिए ही तैयार की गई है । इसका उदाहरण चहारदीवारी से निकाली जा रही ईंट है। जिसे फिर से लगाने की योजना है । सूत्रों के अनुसार इस काम को प्रशासक का एक चहेता वार्ड पार्षद ही काम करा रहा है। नगर निगम के द्वारा बड़ा तलाब सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। चर्चा है कि सुंदरीकरण के नाम पर नगर निगम प्रशासन जनता के रुपए को बंदरबांट करने में लगा है। बड़ा तालाब सुंदरीकरण का किया जा रहा कार्य जनता के अनुरूप नहीं है। निगम की कार्य एजेंसी पुरानी बाउंड्री वाल को तोड़कर दोबारा उसी स्थान पर बाउंड्रीवाल खड़ा करने के लिए पिलर की ढलाई कर रही है। जबकि कुछ माह पूर्व ही बाउंड्रीवाल के रंग रोगन पर नगर निगम ने लाखों रुपए खर्च किए थे । बड़ा तालाब सुंदरीकरण के लिए नगर निगम प्रशासन के सामने तलाब का अतिक्रमण करने वाले लोगों को खाली कराने की समस्या है।
शिकायत मिलने पर होगा गंभीरता से विचार: महापौर
महापौर अरुणा शंकर ने बताया कि इस योजना का प्रभारी नगर निगम के प्रशासक हैं । उन्हें ही इस योजना के क्रियान्वयन का जिम्मा सौंपा गया हैैै । इस योजना में किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
रुका है सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य
2 करोड़ 84 लाख की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा । फिलहाल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लान का कार्य रुका हुआ है । क्योंकि इसे लेकर निविदा आमंत्रित किए जाने के बाद भी किसी एजेंसी ने अभी तक इसके लिए अपना टेंडर नहीं डाला है । ऐसी स्थिति में तालाब सुंदरीकरण के दूसरे कार्य किए जा रहे हैं । इसके तहत साहित्य समाज चौक से हॉस्पिटल चौक आने के क्रम में पहले से बनाए गए तालाब किनारे की चहारदीवारी तोड़कर नई चहारदीवारी का निर्माण शुरू किया गया है । साथ ही तालाब गहरीकरण के लिए तालाब के पानी को निकाला जा रहा है ।
16.27 एकड़ एरिया में फैला है तालाब
बड़ा तालाब में अतिक्रमण का नजारा।
पुरानी को तोड़ नई चहारदीवारी का निर्माण ।
16.27 एकड़ के एरिया में व 12.55 एकड़ में फैले जलक्षेत्र वाले इस तालाब की वर्तमान स्थिति यह है कि इसका एक बड़ा क्षेत्र अतिक्रमित कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर इसकी प्लानिंग में भी कोताही बरती गई है। बड़ा तालाब के सुंदरीकरण के लिए दो हिस्से में कार्य को बांटा गया है । इसके तहत 4 करोड़ 15 लाख 26,812 रुपए की लागत से तालाब सुंदरीकरण के क्रम में गहरीकरण से लेकर गेट लगाने व आने-जाने का पाथवे, घास का मैदान, बागवानी व बैठने का प्लांटर अर्थात सीट बनाना शामिल है।
तोड़ी गई पुरानी चहारदीवारी।