पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभाेपाल. संत हिरदराम नगर के वन ट्री हिल्स क्षेत्र में ओवरहेड टैंड की मेन लाइन में सुराग करके पानी की चोरी की जा रही है। यहां लोगों ने लीकेज वाले हिस्सों में पाइप डाल रखे हैं। इससे बड़े पैमाने पर पानी की बर्बादी भी हो रही है और जहां जरूरत हैं वहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं है। हमेशा की तरह उन्हें शिकायतों का इंतजार है।
मेन लाइन ऊंचाई पर होने के चलते लीकेज से तेजी से बहता पानी अासपास सड़कों पर जमा हो जाता है। वन ट्री हिल्स में रहने वाले मोहन लाल ने बताया कि सड़क पर पानी जमा होने का सिलसिला बीते डेढ़ माह से जारी है। फिर भी पानी की बर्बादी को रोकने के लिए नगर निगम कुछ नहीं कर रहा है। जिम्मेदार अधिकारी जोन में जल संकट की जानकारी होने के बावजूद इसकी अनदेखी कर रहे हैं।
मेन वॉल्व से भी बहता है पानी
वन ट्री हिल्स पर ओवरहेड टैंक की मेन लाइन में वॉल्व लगा हुआ हैं। यहां से भी पानी की बर्बादी होती है। इसके अलावा लाइन के ज्वाइंट्स से लीकेज होता रहता है। सड़क पर बहते पानी के कारण लोगों के घरों तक प्रेशर से पानी नहीं पहुंच पाता और ज्यादातर कॉलोनियों में कम दबाव से पानी सप्लाई की समस्या बनती है।
जगह-जगह ज्वाइंट में भी लीकेज
ओवरहेड टैंक से निकली बड़ी लाइन में जगह-जगह ज्वाइंट पर भी लीकेज हो चुके हैं। जिस लाइन से संतनगर की कॉलोनियों में पानी सप्लाई किया जाता है उसमें लोगों द्वारा लंबे समय से होल करके पाइप डाले जा रहे हैं, जिससे दिनभर पानी लीकेज होता है। मेन लाइन ऊंचाई पर होने से लीकेज की स्थिति में पानी भी तेज बहाव से बहता रहता है।
सीधी बात : अमृतेश दुबे, एई जोन एक, संत हिरदाराम नगर
सवाल- वन ट्री हिल्स क्षेत्र में लाइनों से पानी की चोरी हो रही है?
जवाब- ऐसी कोई शिकायत तो नहीं मिली है, हम दिखवा लेते हैं।
सवाल- लोगों ने यहां ओवरहेड टैंक के ठीक पास बड़ी लाइन में होल करके पाइप डाल रखे हैं क्या इसकी जानकारी है?
जवाब- ये मेरी जानकारी में नहीं आया है।
सवाल- लीकेज यहां की स्थाई समस्या है, इसे रोका क्यों नहीं जा रहा?
जवाब- हम जल्द ही लाइन के लीकेज में सुधार कराएंगे।
सवाल- कई इलाकों में पानी की दिक्कत है?
जवाब- जहां कहीं भी पानी सप्लाई में दिक्कतें हैं वहां टैंकर भेज रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.