पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. स्वच्छता अभियान के नाम पर फोटो खिंचवाकर ब्रांड एंबेसेडर बने शहरवासी भास्कर की खबर के बाद जाग गए और सफाई की कमान संभाल ली। इसके बाद डीसी सुमेधा कटारिया ने खुद खड़ी होकर रात को बाजारों से कूड़ा उठवाया। हड़ताली कर्मचारियों के डर से 9 दिन से जेबीएम कंपनी के वे 70 कर्मचारी कूड़ा नहीं उठा रहे थे, जो हड़ताल से अलग हैं। इसलिए शहर की गली-गली में 2500 टन से अधिक कूड़ा जमा हो गया है। डीसी ने अपील की है कि पांच दिन तक शहर वासी घरों से बाहर कूड़ा न फेंके।
500 कर्मचारी 7 लाख पब्लिक को बंधक नहीं बना सकते
डीसी ने कहा कि इम्तिहान की घड़ी है। शहरवासी सहयोग करें। 500 कर्मचारी 7 लाख पब्लिक को बंधक नहीं बना सकते। उन्होंने कहा कि कूड़ा तो हमारे घर से ही निकल रहा है। इसलिए पांच दिन सहयोग दें। घर में ही रखें। उन्होंने कहा कि मैं तो पहले से कह रही हूं कि जिस दिन शहर वासी जाग जाएंगे, अपने आप स्थिति ठीक हो जाएगी।
दो टीमें बनाई, एक मॉडल टाउन की तरफ, दूसरी सनौली रोड की ओर
डीसी ने कहा कि दो टीमें बनाई है। एक टीम मॉडल टाउन की ओर और दूसरी सनौली रोड की ओर। दोनों में 5-6 ट्रैक्टर ट्रॉली औ एक जेसीबी लगाई है। जो दिन-रात कूड़ा उठाएगी। लोगों की सहायता के लिए एक-एक पुलिस पीसीआर भी लगी रही। इससे पहले उन्होंने स्काईलार्क में निगम कमिश्नर सहित अन्य प्रशासनिक अफसरों के साथ बैठक की।
सबसे पहले कूड़ा उठाने के लिए पहुंचे पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह
इससे पहले गुरुवार सुबह सबसे पहले पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह कूड़ा उठाने इंदिरा बाजार पहुंच गए। सहयोगी हिमांशु शर्मा, निशांत सोनी, महिंद्र हुड़िया, अनिल मदान, संजय सोनी और अन्य के साथ बोरों में कूड़ा भरा। फिर कंपनी की ट्रैक्टर ट्रॉली मंगाकर कूड़ा उठवाया। पूर्व मेयर ने दुकानदारों से कहा कि जब तक हड़ताल खत्म नहीं होती, सड़क पर कूड़ा न फेंकें।
सुबह 6 बजे तक बाजारों से कूड़ा उठाया गया
- रात 11 बजे जैन मोहल्ले में सर्व संगठन सेवा संस्थान के पदाधिकारियों के साथ डीसी आगे-आगे चल रही थी और पीछे-पीछे ट्रैक्टर ट्रॉली से कूड़ा उठाया जा रहा था। सुबह 6 बजे तक बाजारों से कूड़ा उठाया गया।
- इससे पहले दिन में सर्व संगठन सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने बैठक कर कंपनी के कर्मचारियों को सपोर्ट करने का ऐलान किया।
- गुरुवार को सनौली रोड कमल फर्नीचर, भीम गोडा मंदिर, अमर भवन चाैक, जैन बाजार, पचरंगा बाजार, पालिका बाजार, इंसार बाजार, सलारजंग गेट, परमहंस कुटिया, किला एरिया, मेन बाजार और कुटानी रोड से रात भर कूड़ा उठाया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.