रिलिजन डेस्क। किसी व्यक्ति का भविष्य कैसा होगा, कोई इंसान भाग्यशाली है या नहीं, ये जानने का ज्योतिष के अनुसार कुंडली अध्ययन सबसे सटीक उपाय है। इसके अलावा गीता प्रेस गोरखपुर द्वारा प्रकाशित संक्षिप्त भविष्य पुराण में भी भाग्यशाली स्त्री-पुरुष के कुछ खास संकेत बताए हैं। इस पुराण के ब्राह्म पर्व में ब्रह्माजी और कार्तिकेयजी के संवाद हैं। ब्रह्माजी ने बताया है कि कैसे लोग किस्मत के धनी होते हैं और किसे दुर्भाग्य का सामना करना पड़ता है। इन संकेतों से हम आसानी से भाग्य की बातें समझ सकते हैं। यहां जानिए भाग्यशाली स्त्रियों के संकेत...
1. ब्रह्माजी कहते हैं अगर किसी स्त्री के ललाट यानी माथे पर त्रिशूल का निशान होता है, वह बहुत भाग्यशाली होती है। ऐसी स्त्री जिस घर में जाती है, वहां सुख-समृद्धि बनी रहती है।
2. जिस लड़की की आंखें मृग यानी हिरणी की आंखों की तरह सुंदर दिखती हैं, वह हमेशा सुखी रहने वाली होती है।
3. जो स्त्री मृगनयनी यानी मृग के समान आंखों वाली, जिसके दांत सुंदर, एक समान और सफेद होते हैं, वह उत्तम मानी गई है।
4. जो महिला मीठा बोलती है, जिसका वर्ण यानी रंग शहद की तरह दिखता है, उसका घर धन-धान्य से भरा रहता है।
5. जिस स्त्री के पैर लाल होते हैं, सुंदर दिखते हैं, उंगलियां एक जैसी हों, आंखों भी सुंदर हो तो वह भाग्यवान होती है।
6. जो स्त्री रोज स्नान करती है, सुगंधित द्रव्य यानी इत्र लगाती है, मीठा बोलती है, कम खाती है और कम सोती है, हमेशा पवित्रता का ध्यान रखती है, उसके घर पर देवी-देवताओं की विशेष कृपा रहती है।