पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजोधपुर. जोधपुर में चल रहे 35 दिन के क्लोजर में पानी की किल्लत न हो, इसलिए हनुमानगढ़ जिले के बृजवाल वाटर हैड पर पानी पोंडिंग किया गया है। बीकानेर पीएचईडी ने जोधपुर के हिस्से के इस पानी का एक सप्ताह तक उपयोग कर लिया। इस बारे में पता चलने पर जोधपुर पीएचईडी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने बीकानेर के संभागीय आयुक्त को पत्र लिख एेतराज जताया। इस पर उन्होंने बीकानेर को बृजवाल हैड से पानी की सप्लाई रोक दी। अब वहां पर नियमित की जगह एकांतरे जलापूर्ति होगी।
- गत 29 मार्च को शुरू हुए क्लोजर के 16 दिन बीत चुके हैं। बृजवाल हैड पर बीकानेर व जोधपुर के लिए पानी स्टोरेज की व्यवस्था की गई थी। जोधपुर पीएचईडी ने आगामी दिनों से निपटने के लिए अब तक वहां से पानी नहीं लिया।
- इस बीच गत आठ दिन तक बीकानेर पीएचईडी ने बृजवाल हैड आरडी 620 हनुमानगढ़ से बीकानेर के शोभासर जलाशय को आठ दिन स्टोरेज के लिए भर दिया। इधर, जोधपुर के कार्यवाहक संभागीय आयुक्त व कलेक्टर डॉ. रवि कुमार सुरपुर ने भी बीकानेर के संभागीय आयुक्त अनिल गुप्ता को पत्र लिख पानी की निगरानी बढ़ाने और चोरी रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा है।
चिंता नहीं, क्योंकि... सिंचाई विभाग ने वापस शुरू की पोंडिंग
बीकानेर पीएचईडी प्रशासन द्वारा सात से आठ दिन तक पीने का पानी उपयोग में लेने पर बृजवाल हैड पर सिंचाई विभाग ने जोधपुर के लिए पानी की पोंडिंग वापस शुरू कर दी है। ऐसे में आगामी दिनों में दिक्कत जैसी फिलहाल कोई बात नहीं है।
#जोधपुर ने की निगरानी बढ़ाने की अपील
बृजवाल हैड से बीकानेर पीएचईडी ने 7-8 दिन का पानी ले लिया था। वहां के संभागीय आयुक्त से आपत्ति जताई थी। वैसे सिंचाई विभाग ने जोधपुर के लिए वापस पोंडिंग शुरू कर दी है।
जयसिंह चौधरी, अति. मुख्य अभियंता, पीएचईडी, जोधपुर
बृजवाल हैड के पानी का उपयोग नहीं करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। साथ ही बीकानेर में पेयजल आपूर्ति भी नियमित की जगह एकांतरे करने के निर्देश दिए हैं।
अनिल गुप्ता, संभागीय आयुक्त, बीकानेर
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.