पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअहमदाबाद। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आने की शुरुआत होते ही प्रदेश भाजपा द्वारा कमलम् में विजयोत्सव मनाया जाने लगा। परिणाम में उतार-चढ़ाव के साथ ही भाजपा के विजयोत्सव में भी उतार-चढ़ाव दिखाई देने लगा। बिहार के चुनाव परिणाम में जो नजारा दिखाई दिया था वही एक बार फिर दिखाई दिया। राहुल पर निशाना साधा...
कर्नाटक के चुनाव में भाजपा को इच्छित परिणाम न मिलने के कारण प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मुद्दा बदलते हुए राहुल पर निशाना साधने लगे। मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित होते ही मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल सहित राज्य सरकार के मंत्री और भाजपा संगठन के पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय कमलम् पर विजयोत्सव मनाने पहुंच गए और पटाखे फोड़कर एक दूसरे को मिठाई खिलाते हुए जीत की बधाई भी दे डाली।
क्या कहा सीएम रूपाणी ने
मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि कर्नाटक के चुनाव परिणाम ने 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर देश में मोदी की सरकार बनने का संकेत दे दिया है। नरेन्द्र मोदी ही देश का विकास कर सकते हैं। मोदी और शाह के नेतृत्व में देश सुरक्षित है यह बात स्पष्ट हो गई है। जबकि बाद में कर्नाटक में भाजपा को पर्याप्त बहुमत न मिलने का परिणाम आने के बाद सरकार और संगठन के पदाधिकारियों का उत्साह ठंडा हो गया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल सहित सरकार के मंत्री और पदाधिकारी एक-एक करके कमलम् से रवाना होने लगे।
कांग्रेस के पास मोदी के स्तर का नेता नहीं-वाघाणी
उधर, प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी ने चुनाव परिणाम के मुद्दे को बदलते हुए राहुल पर निशाना साधने लगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मोदी के स्तर का कोई नेता नही है। कांग्रेस को अब राहुल गांधी का हाथ छोड़ देने की जरूरत है। ज्ञातव्य है कि बिहार के चुनाव परिणाम आने से पहले ही भाजपा ने विजयोत्सव मना लिया था जबकि परिणाम देख कर सबसे हौसले पस्त हो गए। ऐसी ही कुछ स्थिति कर्नाटक चुनाव परिणाम में भी देखने को मिली।
नितिन पटेल ने इंतजार करने की सलाह दी थी
राज्य सरकार और मछुआरा संगठन के बीच बैठक चल रही थी इसी दौरान कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम की खबर मिली। जिसमें भाजपा आगे चल रही थी। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी बैठक पूरी होने के बाद कमलम् पहुंच गए और विजयोत्सव मनाने की तैयारी करने की सलाह दी। उधर, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने परिणाम आने के बाद ही विजयोत्सव मनाने की राय दी थी, पर दिल्ली से मैसेज आने के बाद सभी मंत्री कमलम् पहुंच गए और विजयोत्सव मनाने लगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.