पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. मध्यप्रदेश भाजपा को जल्द ही नया प्रभारी मिल सकता है। जून के पहले पखवाड़े में इसकी घोषणा होने वाली है। वर्तमान प्रभारी व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे की व्यस्तता के कारण यह निर्णय लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि भारतीय संस्कृति एवं संबंध परिषद (आईसीसीआर) का अध्यक्ष बनने के बाद से वे लगातार मप्र की कई महत्वपूर्ण बैठकों में नहीं पहुंचे। इसी वजह से चुनावी साल में पार्टी के भीतर बदलाव की चर्चा तेज हो गई है।
माथुर को मध्यप्रदेश भेजे जानें की अटकलें
- पार्टी सूत्रों का कहना है कि नए प्रभारी के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर व श्याम जाजू के साथ 23 मई को भोपाल आ रहे राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन का नाम चर्चा में है। केंद्रीय नेतृत्व मप्र से इस बारे में बात करके अंतिम निर्णय लेगा।
- मप्र के लिए भूपेंद्र यादव ज्यादा मुफीद माने जा रहे हैं, लेकिन दलित कार्ड चलना पड़े तो श्याम जाजू को मप्र भेजा जा सकता है। ओम माथुर उत्तरप्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी छोड़ना चाहते हैं। वे योगी सरकार से नाराज भी चल रहे हैं। इसलिए यह अटकलें भी तेज हैं कि माथुर को मप्र भेजा जा सकता है।
आईसीसीआर भेजने के बाद से लग रहीं अटकलें
- सहस्त्रबुद्धे को बदलने की अटकलें तब से हैं, जब उन्हें आईसीसीआर की जिम्मेदारी दी गई। अब चूंकि चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं, इसलिए नए प्रभारी को लेकर निर्णय जल्द हो सकता है।
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह से राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल बात करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह निर्णय लेंगे।
शाह का संदेश लेकर आएंगे अनिल जैन
- चुनाव प्रबंधन, कोर कमेटी और पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों व मोर्चा अध्यक्षों की बैठक लेने 23 को अनिल जैन भोपाल आ रहे हैं। वे पूर्व में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह द्वारा मप्र में ली गई बैठकों में साथ थे।
- यह बड़ी बैठक अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें जैन केंद्रीय नेतृत्व के संदेश के साथ मप्र का फीडबैक भी लेंगे। इसे लेकर प्रदेश संगठन के साथ चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने तैयारी कर ली है।
- मुख्यमंत्री समेत संगठन के प्रमुख नेताओं से चर्चा के बाद तोमर ने शनिवार को समिधा पहुंचकर करीब दो घंटे आरएसएस के प्रमुख नेताओं से चर्चा की है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.