पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजमशेदपुर. सरायकेला के भू-अर्जन पदाधिकारी को पीटने के आरोपी ईचागढ़ भाजपा विधायक साधुचरण महतो को मंगलवार को टीएमएच से छुट्टी दे दी गई। जमानत के कागजात पहुंचने पर टीएमएच प्रबंधन ने दो महीना चार दिन बाद उन्हें स्वस्थ घोषित कर दिया। विधायक के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समर्थक टीएमएच पहुंचे। जुलूस के रूप में वह अस्पताल से बाहर निकले। यहां से सरायकेला जेल पहुंचे, जहां कागजी कार्यवाही पूरी की।
अब टीएमएच मेडिसिन विभाग के डॉक्टर ने विधायक को बताया पूरी तरह स्वस्थ
रांची हाईकोर्ट से 10 मई को जमानत मिलने के बाद सोमवार को हाईकोर्ट से बेल आर्डर जारी हुआ, जो सरायकेला-खरसावां जिला कोर्ट आया। यहां बेल बाॅन्ड भरने के बाद रिलीज आॅर्डर जारी हुआ। विधायक गिरफ्तारी के बाद से ‘बीमार’ थे। तभी से पुलिस कस्टडी में टीएमएच में थे। अब टीएमएच के मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. अशोक सुंदर ने उन्हें पूरी तरह स्वस्थ बताया। विधायक के साथ आदित्यपुर के डिप्टी मेयर बॉबी सिंह भी थे। विधायक अपनी गाड़ी में बैठने लगे तो बॉबी सिंह ने गेट तक पैदल चलने को कहा। वो गाड़ी से उतर समर्थकों के साथ गेट तक पैदल चले।
बाहर निकल बोले... अफसर राजनीति नहीं करें
जेल से बाहर निकले साधुचरण महतो ने कहा कि सरकारी अफसर अपने काम से काम रखें, वेतन लें, लेकिन राजनीति न करें। चांडिल पहुंचकर विधायक कहा- भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहेंगे।
अस्पताल में 64 दिन... कब-क्या हुआ
- सरायकेला कोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई लेकिन खारिज हो गई।
- टीएमएच प्रबंधन ने बीपी, शुकर, चेस्ट में लेयर व कई बीमारियां बताईं।
- 23 मार्च को पुलिस कस्टडी में रास चुनाव के लिए वोटिंग करने रांची गए।
- 10 मई को कोर्ट से बेल, 14 को कागजात पहुंचे, 15 को अस्पताल से छुट्टी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.