पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलुधियाना. सरकारी फ्लैटों को कब्जाधारियों से खाली कराने के लिए गुरूवार को निगम टीम बिना तैयारी और सिक्योरिटी के पहुंच गई। असल में जगराओं पुल के नीचे रहने वाले 106 परिवारों को यहां शिफ्ट किया जाना है। निगम टीम में एक एक्सईएन, एक लेडी अफसर और निगम में तैनात करीब एक दर्जन पुलिस मुलाजिम थे। टीम ने एक ब्लॉक तो खाली करवा लिया। इसी बीच सन्नी नाम का युवक तीसरी मंजिल की खिड़की से निकल कर बिजली के खंभे पर चढ़ गया। उतरते समय करंट लगने से जमीन पर गिर कर जख्मी हो गया। इसके बाद भड़के कब्जाधारकों ने निगम टीम पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए। लोगों ने जोन सी में तैनात एक्सईएन करमजीत सिंह को जमकर पीटा और उन्हें बचाने आए निगम के एएसआई से भी मारपीट कर वहां खड़ी निगम अफसर की कार भी तोड़ दी। ये था पूरा मामला...
तोड़फोड़ मारपीट के बाद सभी लोग मौके से जान बचा कर भाग निकले, लेकिन लेडी अफसर वहां फंस गई। वे काफी देर एक फ्लैट में छिपी रहीं। मामले का पता चलते ही कई थानों की पुलिस और बड़े अफसर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ही लेडी अफसर को निकाला जा सका। एक्सईएन करमजीत सिंह के बयान पर डाबा पुलिस ने नामालूम आरोपियों के खिलाफ इरादा ए कत्ल, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का पर्चा दर्ज कर लिया है। वहीं, करंट लगने से जख्मी सन्नी को डीएमसी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है, जहां से देर शाम उसे सिविल अस्पताल भेज दिया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देर रात उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।
241 फ्लैटों पर कर रखा है लोगों ने कब्जा
दरअसल, ग्यासपुरा में निगम के 241 फ्लैट पर लोगों ने कब्जा किया हुआ है। निगम की सोशल वेलफेयर अफसर संगीता, एक्सईएन करमजीत सिंह निगम में तैनात करीब एक दर्जन पुलिस मुलाजिमों के साथ वीरवार सुबह ग्यासपुरा में सरकारी फ्लैट खाली करवाने पहुंचे थे। उन्होंने ए-ब्लॉक खाली करवा लिया। बी ब्लॉक में अभी कुछ फ्लैट खाली हुए थे। इसी बीच सन्नी तीसरी मंजिल की खिड़की से बाहर निकल कर बिजली के खंभे पर चढ़ गया और सुसाइड करने की धमकियां देने लगा। उसने हाथ में लकड़ी का डंडा पकड़ा था। निगम अफसर, पुलिस और नीचे खड़े लोग उसे रोकते रहे। किसी तरह सन्नी को मनाया गया, वह जैसे ही खंभे से उतरने लगा तो अचानक हाईटेंशन वायर से उसे करंट लग गया जिससे उसकी बाजू और टांग जल गई और वह जमीन पर जा गिरा।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना, फिर भी बिना तैयारी पहुंचे
ग्यासपुरा में सरकारी फ्लैटों पर कब्जा करने वाले पहले भी निगम अफसरों पर हमला और तोड़फोड़ कर चुके हैं। लेकिन इससे भी नगर निगम के अफसरों ने कोई सबक नहीं लिया। इस बार भी फ्लैट खाली करने के नोटिस देने के समय कब्जाधारियों ने सीधे तौर पर उनके पास आने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। लेकिन सुरक्षा का इंतजाम करने की जगह सोशल वेलफेयर अफसर और एक्सईएन सिर्फ एक दर्जन निगम के पुलिस मुलाजिम लेकर कब्जे छुड़ाने पहुंच गए। वहां पहुंच कर भी एक ब्लॉक खाली करवाते समय दूसरे ब्लॉक वालों ने चेतावनी दी कि उनके फ्लैटों की ओर कोई न आए। लेकिन इस पर भी किसी ने पुलिस को सूचना देने की जरूरत महसूस नहीं की।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.