पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजहानाबाद (बिहार)। आरपीएफ और जीआरपी से बेखौफ अपराधियों ने सोमवार की रात पटना-गया रेलखंड के सेवनन हॉल्ट के समीप 20 साल के युवक को मोबाइल छीनने का विरोध करने पर चलती ट्रेन से फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक बंटी पांडेय शकूराबाद थाना क्षेत्र के सैदीचक गांव का निवासी था। वह पटना-हटिया एक्सप्रेस से अपने मामा-मामी के साथ पटना से गया जा रहा था।
- घटना के बारे में मृतक के मामा ने बताया कि बंटी के मोबाइल पर एक कॉल आया तो वह उठ कर गेट के पास बात करने गया।
- इसी बीच बात करने के क्रम में ही दो तीन युवक उससे मोबाइल छीनने की कोशिश करने लगे। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनकी भी अपराधियों ने पिटाई कर दी।
- बंटी के विरोध करने पर पहले उन्होंने उसका मोबाइल छीन लिया और फिर चलती ट्रेन से उसे नीचे फेंक दिया।
- उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिए जाने पर यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया अौर ट्रेन रोक दी, लेकिन तब तक ट्रेन कड़ौना हॉल्ट पहुंच चुकी थी।
- कड़ौना में वे अपनी पत्नी के साथ ट्रेन से नीचे उतर कर पुन: सेवनन हॉल्ट की तरफ वापस रेलवे लाइन पकड़ कर आगे बढ़ते गए। आखिरकार घुप अंधेरे में रेलवे लाइन के किनारे बंटी का शव पड़ा मिला।
पूरी रात पुलिस का किया इंतजार
- इधर, कई यात्रियों ने घटना के बारे में रेल पुलिस को सूचना मोबाइल से दे दी, लेकिन रात में पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
- सुबह होते ही मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो रात भर से अंधेरे में लड़के का शव पड़ा था।
- पारसनाथ ने स्थानीय लोगों से पूरी कहानी बताई तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। धीरे-धीरे मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पैसेंजर ट्रेन के अलावा एनएच 83 पर भी रोका जाम
- आक्रोशित लोगों ने रेल ट्रैक को जाम कर दिया जिससे पटना की ओर से आ रही 63242 डाउन सवारी गाड़ी को मौके पर रोक दिया गया।
- इसके अतिरिक्त पटना-रांची जनशताब्दी ट्रेन को भी नदौल स्टेशन पर रोक दिया गया। लोगों का रेल पुलिस के निकम्मेपन और संवेदनहीन रवैये के खिलाफ काफी उबाल लेने लगा।
- बाद में लोगों ने पास में एनएच 83 को भी जाम कर सड़क यातायात को भी ठप कर मृतक के आश्रितों को मुआवजा तथा पुलिस पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
- घटना की सूचना मिलने पर जहानाबाद के एसडीओ परितोष कुमार, एसडीपीओ प्रभात भूषण श्रीवास्तव और कड़ौना ओपी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
- पुलिस को देख लोग और भी भड़क गए। इस दौरान मौके पर पहुंचे अधिकारियों को भी स्थानीय लोगों ने काफी खरी-खोटी सुनाई।
- एसडीओ और एसडीपीओ ने आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन लोग नहीं मान रहे थे।
29 अप्रैल को है चचेरी बहन की शादी
- बंटी का शव गांव पहुंचते ही महौल गमगीन हो गया। पिता उपेंद्र पांडेय एवं माता अनिता देवी बार बार शव से लिपटकर बदहवास और मूर्छित हो रहे थे।
- ग्रामीण बता रहे थे कि मृतक की चचेरी बहन की 29 अप्रैल को ही बारात आनी थी। इससे पहले बंटी की मौत ने सभी को झकझोर दिया। बंटी बहुत ही मिलनसार लड़का था।
थानेदार का दावा, सुबह 6 बजे मिली सूचना
जीआरपी को मामले की सूचना सुबह सवा छह बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शकुंतला कस्कु, थानाध्यक्ष,
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.