पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

प्रिंस हैरी-मेगन की शादी आज, प्रियंका चोपड़ा और मुंबई के डब्बावालों को भी न्योता

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लंदन. छह महीने से ज्यादा के लंबे इंतजार के बाद 19 मई को प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल की शाही शादी होगी। कुछ ही घंटों बाद शादी समारोह भी शुरू हो जाएगा। शादी विंडसर पैलेस के कैम्पस में ही मौजूद सेंट जॉर्ज चैपल चर्च में होगी। इसी चर्च में 13 साल पहले हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स ने भी दूसरी शादी की थी। दोनों की शादी को लेकर लंबे समय से चर्चा थी। 2011 में हुई प्रिंस हैरी के बड़े भाई विलियम और केट मिडलटन की शादी को तब करीब 12 करोड़ लोगों ने देखा था। माना जा रहा है कि प्रिंस हैरी की शादी पुराने सारे रिकॅार्ड्स तोड़ देगी। सेरेमनी का दुनियाभर में सीधा प्रसारण भी होगा।

 

खास रॉयल प्रेयर की गई तैयार 
एंजेलकन चर्च ने इस जोड़े के लिए नौ लाइन की प्रेयर (प्रार्थना) तैयार की है, जो शुरू होती है, ''God of love, send your blessing upon Harry and Meghan, and all who are joined in marriage, that... they may both live and grow in your love.'' कैंटरबरी के आर्कबिशप और एंजेलकन लीडर जस्टिन वेलबी सेरेमनी के इंतजाम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 

 

13 साल पहले जहां पिता ने की शादी, बेटा भी वहीं करेगा
- शाही शादी की सारी रस्में करीब एक हजार साल पुराने विंडसर कैसल के सेंट जॉर्ज चैपल में होंगी। यहीं पर 2005 में प्रिंस हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला पार्कर बोल्स से दूसरी शादी की थी। यानी 13 साल बाद एक बार फिर सेंट जॉर्ज कैसल में शादी शाही की गूंज सुनाई देगी।

 

गिविंग अवे सेरेमनी में मेगन का साथ देंगे प्रिंस हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स
- इसमें पादरी के पास पहुंचने के दौरान दो स्टेप होते हैं। पहले चरण में मेगन पेज ब्वॉयज और ब्राइडमेड के साथ होंगी, लेकिन उनके साथ परिवार का कोई नहीं होगा। पेज ब्वॉयज और ब्राइडमेड में शाही परिवार के बच्चे होते हैं।
- ईसाई धर्म की शादियों में आमतौर पर पिता ही लड़की को शादी के स्टेज तक छोड़कर आते हैं। इसे गिविंग अवे सेरेमनी कहते हैं। पर इस शादी में मेगन के पिता थॉमस खराब तबीयत होने के चलते शामिल नहीं हो पाएंगे। 
- ऐसे में हॅाल में मेगन के पहुंचने के बाद दूसरे और आखिरी स्टेप में प्रिंस चार्ल्स, मेगन का हाथ अपने हाथ में लेकर चलेंगे।

- आखिर में जब मेगन स्टेज पर पहुंच जाएंगी तो आर्कबिशप पूछेंगे- "लड़की का हाथ लड़के के हाथ में कौन दे रहा है?" यानी हैरी के हाथ में उनके पिता प्रिंस चार्ल्स ही मेगन का हाथ देंगे।

 

मेगन ने प्रिंस चार्ल्स से की थी दरख्वास्त
- केनसिंगटन पैलेस ने बयान में कहा है कि मेगन मर्केल ने शादी के दिन हाथ थामकर चलने के लिए प्रिंस चार्ल्स से बाकायदा दरख्वास्त की थी। इस पर चार्ल्स ने कहा, "प्रिंस ऑफ वेल्स इस तरीके से शाही परिवार में आपका स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

 

खास कार में बैठेंगे

- इस मौके को खास बनाने के लिए एक कार को खास तौर पर डिजाइन किया गया है। इस कार की छत पर ब्रिटिश और यूएस के झंडे होंगे और कार के ग्लव बॉक्स में “मेगन हैरी से प्यार करती है’ और ‘प्यार ही सब कुछ है जो आपको चाहिए’ लिखा होगा।

 

शाही बग्घी पर निकलेगी रॉयल सवारी
- करीब एक घंटे की सेरेमनी खत्म होने के बाद शाही जोड़ा 19वीं की सदी बग्गी में शहर की पुरानी गलियों में सवारी करेगा। हैरी और मर्केल ने रॉयल कलेक्शन से एक खुली शाही बग्गी अपनी वेडिंग सेरेमनी के लिए सेलेक्ट की है। शादी के बाद यह कपल बग्गी पर सवार होगा। इस बग्गी को विंडसर के ही चार घोड़े खींचेंगे और यह विंडसर पैलेस से शहर के सेन्टर तक जाएगी और फिर वापस रिसेप्शन प्लेस तक आएगी। शाही परिवार के लोग भी इस बग्गी के साथ ही होंगे।

 

ब्राइडमेड और पेज बॉयज
जहां मेहमानों की लिस्ट को चुनकर बनाया जा रहा है, वहीं मेगन और हैरी के लिए ब्राइडमेड और पेज बॉयज का सेलेक्शन भी बड़े ही तरीके से किया गया है। इस लिस्ट में 10 बच्चों का नाम शामिल किया गया है जिसमें सबसे पहला नाम प्रिंस हैरी के भतीजे प्रिंस जॉर्ज और भतीजी प्रिंसेस शर्लेट का है। बाकी के आठ बच्चे भी अरबपति और शाही परिवारों से हैं। 

 

 

शादी को लेकर भारत में है सबसे ज्यादा उत्साह

- हाल ही में ब्रिटेन की एक मार्केट रिसर्च फर्म ने शादी की लोकप्रियता को लेकर एक सर्वे भी किया है। सर्वे में जो सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा था, वो था इस शाही शादी में भारतीयों की दिलचस्पी।

- सर्वे में हिस्सा लेने वाले 54% भारतीयों ने माना कि वे प्रिंस हैरी और मेगन की शादी के बारे में जानते हैं और उसमें दिलचस्पी रखते हैं।

- वहीं ब्रिटिश नागरिकों की बात करें तो सर्वे में सिर्फ 34% नागरिकों ने शाही शादी में रुचि दिखाई। जानकारी के मुताबिक, इस सर्वे में 16 से 64 वर्ष के बीच के 28 देशों के करीब 21 हजार लोगों ने हिस्सा लिया था।

 

पहले ही बन चुकी है इस जोड़ी पर एक फिल्म 

यूएस के चैनल लाइफटाइम ने प्रिंस हैरी और मेगन पर एक फिल्म बनाई है। व्हैन हैरी मेट मेगन: ए रॉयल रोमांस'। इस फिल्म में हैरी और मेगन की लव स्टोरी को खूबसूरती से दिखाया गया है। फिल्म में दिखाया गया है कि हैरी को एक अमेरिकी विधवा महिला से प्यार हो जाता है और वह उससे शादी करना चाहता है और वह चिल्लाते हुए कहता है, ''वह मुझे खुश रखती है इसलिए रीति-रिवाज भाड़ में जाएं।'' 

 

रेस्त्रां चेन ने शादी के मौके पर शुरू कीं स्पेशल डिशेज
सुशि रेस्त्रां चेन ने इस मौके को खास बनाने के लिए “व्हैन हैरी मेट मेगन’ लंच बॉक्स की शुरुआत की है। इस लंच बॉक्स में सामन, येल्लोफिन टूना निगिरि, एवोकैडो, कटा हुआ गाजर, हरी बीन और ताजा मिंट मकी, वाइट जिंजर और सोया सॉस होंगे। 

 

रॉयल वेडिंग हॉलीडे पैकेज 
इस रॉयल वेडिंग का हिस्सा बनने के लिए 2.28 लाख रुपए में 8 दिन का ब्रिटेन टूर पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है, इस दौरान ब्रिटिश राजशाही की बेहतरीन जगहों पर घूमना और रॉयल एक्सपर्ट्स के साथ मिलने के साथ ही शाही शादी का लुत्फ शामिल है।

खबरें और भी हैं...