पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
लंदन. विंडसर कैसल में प्रिंस हैरी और मेगन मार्केल की शादी की रस्में पूरी हुईं। दोनों साथ में हाथ थामे विंडसर कैसल से बाहर निकले। अब दोनों रिवाज के मुताबिक, शाही बग्गी में प्राचीन शहर का दौरा करेंगे। दोनों की शादी को देखने के लिए हॉल में 600 से ज्यादा मेहमान मौजूद थे। बताया जा रहा है कि विंडसर कैसल के बाहर शाही जोड़े को देखने के लिए एक लाख से ज्यादा लोग इकट्ठा हैं। इससे पहले शादी समारोह में खास बात रही हॉल में मेगन की एंट्री। उन्होंने अपने पिता की गैरमौजूदगी में हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स के साथ दरवाजे से स्टेज तक का सफर पूरा किया। चार्ल्स उन्हें प्रिंस हैरी के पास छोड़कर आए।
समारोह में पहुंची दुनियाभर की बड़ी हस्तियां
- शाही शादी में दुनियाभर के कई जाने माने चेहरे पहुंचे। इनमें पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी डेविड बेकहम, अभिनेत्री प्रिंयका चोपड़ा और टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स शामिल हैं। इसके अलावा हॉलीवुड अभिनेता जॉर्ज क्लूनी और उनकी पत्नी अमाल क्लूनी भी पहुंचीं।
शाही परिवार की पहली डचेज ऑफ ससेक्स होंगी मेगन
- इससे पहले महारानी एलिजाबेथ ने शाही जोड़े को उनकी नई उपाधियां दीं। प्रिंस हैरी को तीन उपाधियां दी गई हैं। वे ड्यूक ऑफ ससेक्स, अर्ल ऑफ डम्बार्टन और बैरन किलकील के पद से पहचाने जाएंगे।वहीं मेगन शाही परिवार की पहली ‘डचेज ऑफ ससेक्स’ बन गईं। प्रिंस हैरी परिवार के इतिहास में दूसरे शख्स होंगे जिन्हें ड्यूक ऑफ ससेक्स कहा जाएगा। उनसे पहले 18वीं सदी में प्रिंस अॉगस्टस फेड्रिक को ही राजपरिवार में ये उपाधि दी गई थी। बता दें कि शाही परिवार में प्रिंस और प्रिंसेज को ड्यूक और डचेज की उपाधियां ब्रिटिश इलाकों के सांकेतिक शासक के तौर पर दी जाती हैं।
शादी में भारत की ओर से भी रहेगी मौजूदगी
- शनिवार को शाही शादी में दुनियाभर की कई बड़ी हस्तियों के साथ भारत की भी मौजूदगी है। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा समारोह शुरू होने से कुछ देर पहले ही विंडसर कैसल पहुंचीं।
- खास बात ये है कि प्रिंस हैरी और मेगन ने अपनी शादी में गिफ्ट लेने से इनकार कर दिया है। इसके बजाय उन्होंने लोगों से चैरिटी को डोनेशन देने की अपील की है। दोनों ने जिन चैरिटी को डोनेशन के लिए कहा है उनमें से 6 ब्रिटेन में हैं। वहीं एक चैरिटी मुंबई की ‘मायना महिला फाउंडेशन’। ये संस्था महिलाओं को सस्ते दामों पर सैनिटरी नैपकिन मुहैया कराती है।
- मायना महिला फाउंडेशन की चार कार्यकर्ता बीते हफ्ते ही मुंबई से ब्रिटेन पहुंची है। इसमें फाउंडेशन की संस्थापक सुहानी जलोटा भी शामिल हैं। ब्रिटेन पहुंचने के बाद सुहानी ने कहा है कि वे शाही शादी में शामिल होकर गौरवान्वित हैं। बता दें कि सुहानी विंडसर कैसल में शाही शादी को देखने वाले 600 मेहमानों में शामिल हैं।
787 करोड़ रुपए खर्च हो रहे शादी पर
- हैरी-मेगन की शाही शादी पर करीब 84 मिलियन पौंड (787 करोड़ रु.) खर्च हो रहे हैं। शादी का प्लानिंग करने वाली फर्म ब्राइडबुक के मुताबिक, शादी समारोह पर 32 मिलियन पौंड, सिक्युरिटी पर 30 मिलियन और अन्य पर अनुमानित 24 मिलियन पौंड खर्च होंगे।
- 2011 में प्रिंस विलियम (हैरी के बड़े भाई) और केट मिडलटन की शादी में महज 6.35 मिलियन पौंड (58 करोड़ रुपए) का खर्च आया था।
- विलियम-केट के मुकाबले हैरी की शादी में 13.5 गुना ज्यादा पैसा खर्च हो रहा है।
शादी को लेकर भारत में है सबसे ज्यादा उत्साह
- हाल ही में ब्रिटेन की एक मार्केट रिसर्च फर्म ने शादी की लोकप्रियता को लेकर एक सर्वे भी किया है। सर्वे में जो सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा था वो था इस शाही शादी में भारतीयों की दिलचस्पी।
- सर्वे में हिस्सा लेने वाले 54% भारतीयों ने माना कि वे प्रिंस हैरी और मेगन की शादी के बारे में जानते हैं और उसमें दिलचस्पी रखते हैं।
- वहीं ब्रिटिश नागरिकों की बात करें तो सर्वे में सिर्फ 34% नागरिकों ने शाही शादी में रुचि दिखाई। जानकारी के मुताबिक, इस सर्वे में 16 से 64 वर्ष के बीच के 28 देशों के करीब 21 हजार लोगों ने हिस्सा लिया था।
13 साल पहले जहां पिता ने की शादी, बेटे ने भी वहीं थामा मेगन का हाथ
- शाही शादी की सारी रस्में 101 साल पुराने विंडसर कैसल के सेंट जॉर्ज चैपल में हुई। यहीं पर 2005 में प्रिंस हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला पार्कर बोल्स से दूसरी शादी की थी। यानी 13 साल बाद एक बार फिर सेंट जार्ज कैसल में शादी शाही की गूंज है।
गिविंग अवे सेरेमनी में प्रिंस चार्ल्स ने दिया मेगन का साथ
- ईसाई धर्म की शादियों में आमतौर पर पिता ही लड़की को शादी के स्टेज तक छोड़कर आते हैं। इसे गिविंग अवे सेरेमनी कहते हैं। लेकिन इस शादी में मेगन के पिता थॉमस तबीयत खराब होने के चलते शामिल नहीं हो पाए थे। ऐसे में हैरी के पिता प्रिंस चार्ल्स मेगन का हाथ पकड़कर उन्हें स्टेज तक लेकर गए। केनसिंगटन पैलेस ने बयान में कहा था कि मेगन मार्केल ने शादी के दिन हाथ थामकर चलने के लिए प्रिंस चार्ल्स से बाकायदा दरख्वास्त की थी। चार्ल्स ने भी इस पर हामी भरी थी।
ये भी पढ़ें:
- तलाकशुदा से शादी कर रहे हैं प्रिंस हैरी, कभी ऐसा करने पर परदादा को छोड़ना पड़ा था ताज
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.