पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद राहुल गांधी ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा नरेंद्र मोदी की लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, प्रधानमंत्री खुद भ्रष्टाचार हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कर्नाटक और इससे पहले गोवा और मणिपुर में जनादेश का अपमान किया।
येदियुरप्पा और भाजपा विधायकों ने राष्ट्रगान का अपमान किया
- राहुल गांधी, ''भाजपा विधायक और स्पीकर राष्ट्रगान खत्म होने से पहले चले गए। इसे हर किसी ने देखा। ऐसी गलतियां भाजपा और आरएसएस हमेशा करता आया है। मोदी और अमित शाह ने कर्नाटक, गोवा और मणिपुर के जनादेश का अपमान किया। लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की। देश में सब कुछ पैसा और भ्रष्टाचार नहीं है। मेरी देवेगौड़ा जी और कांग्रेस के साथियों को बधाई।''
भाजपा के अहंकार का अंत हुआ
- ''भाजपा को सोचना चाहिए कि उनके अहंकार का अंत हो गया है। उन्होंने हमारे और जेडीएस विधायकों को खरीदने की कोशिश की। उन्होंने सब कुछ किया कि कैसे भी विधानसभा में क्रॉस वोटिंग कराएं, पर वे कामयाब नहीं हो सके।''
प्रधानमंत्री लोकसभा-विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं
- राहुल ने आगे कहा, "मेरा प्रधानमंत्री को संदेश है कि वे इस देश की लोकसभा, विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं। आरएसएस क्यों देश की संस्थाओं का सम्मान नहीं करती है।"
- "हमने कर्नाटक की जनता की आवाज की रक्षा की है। भाजपा के पास बहुमत होता तो वह सरकार बना लेती। कर्नाटक की जनता उनके साथ नहीं है। हम हर प्रदेश में जनता की आवाज की रक्षा करेंगे। जहां भी सरकार देश की संस्थाओं को दबाने की कोशिश की जाएगी। हम सब मिलकर भाजपा को हराएंगे।"
देश की सारी शक्तियां मोदी के पास
- कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला के इस्तीफे को लेकर किए गए सवाल पर राहुल ने कहा, "वो इस्तीफा दें या नहीं, यह दूसरा मुद्दा है। देश की सारी शक्तियां तो प्रधानमंत्री मोदी के पास हैं।"
कर्नाटक में लोकतंत्र की जीत हुई
- इससे पहले गुलाम नबी आजाद ने कहा, ''हम कांग्रेस विधायकों और निर्दलीय विधायकों को बधाई देते हैं। जो सरकार और केंद्रीय एजेंसियों के दवाब में नहीं आए। हमारे कुछ विधायकों को भाजपा ने बंधक बनाकर रखा। फिर भी वे पार्टी के साथ खड़े रहे। कोई भी भाजपा के साथ नहीं गया। मैं सुप्रीम कोर्ट की तारीफ करता हूं, जिसने बहुमत साबित करने के समय को 15 दिन से कम कर दिया। इसके चलते विधायकों की खरीदफरोख्त पर रोक लगी। केंद्र सरकार हमारी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही थी। भाजपा, येदियुरप्पा और उनके नेताओं ने हमारे विधायकों को झांसे में लेने की कोशिश की। उन्हें पैसा और पद का लालच दिया गया। यह लोकतंत्र की जीत है। अब कुमारस्वामी सरकार बनाएंगे। वे राज्यपाल के पास जाकर इसका दावा पेश करेंगे।''
जावड़ेकर ने कहा- कर्नाटक में भाजपा की जीत, कांग्रेस की हार हुई
- भाजपा प्रवक्ता, प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ''जनादेश और लोकतंत्र का किसी ने अपमान किया है तो वह कांग्रेस है। वे संसद में लगातार हंगामा करते हैं और उसे चलने नहीं देते। येदियुरप्पा के भाषण ने जनता के दिल को जीत लिया। कर्नाटक के चुनाव में भाजपा की जीत हुई, कांग्रेस की हार हुई।''
- ''कांग्रेस खुद संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करती है। कैग की रिपोर्ट को नहीं मानते हैं, राज्यपाल पर सवाल उठाते हैं। सेना प्रमुख को गुंडा कहते हैं। राहुल गांधी प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हैं। अरे देश में गरीबों के लिए सरकार चल रही है, उन्हें लाभ मिल रहा है। कांग्रेस और उनका पूरा खानदान भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। जब हमने पारदर्शिता की बात की तो आपको दुख होने लगा। राहुलजी आपके पिता राजीव गांधी खुद कहते थे कि दिल्ली से जाने वाले एक रुपए में 85 रुपए बीच में लोग खा जाते हैं। इसे कौन खाता था?''
कांग्रेस अपनी नाकामी को विजय का रूप देकर हंस रही है
- जावड़ेकर ने आगे कहा, "कांग्रेस देश के हर राज्य में हार रही है। कर्नाटक में उनके 14 मंत्री हारे और मुख्यमंत्री खुद अपनी एक सीट नहीं बचा पाए। आज कांग्रेस अपनी नाकामी को विजय का रूप देकर हंस रही है। चुनाव गठबंधन नैतिकता के आधार पर होता है। अवसर के लिए नहीं होता है। पहले तो राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।"
- "वे आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा ने कांग्रेस के विधायकों को खरीदने की कोशिश की। उनके तो 7 विधायक खुद हमारे संपर्क में थे। कांग्रेस गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर आरोप लगा रही है कि उन्होंने विधायकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया। यह सही नहीं है।"
भाजपा ने कहा- लोग कहेंगे राहुल का दिमागी संतुलन ठीक नहीं
- केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने राहुल गांधी के बयान पर कहा, ''प्रधानमंत्री के बारे में वह (राहुल गांधी) क्या कह रहे हैं? ये वही पीएम हैं, जिन्होंने साबित किया कि घोटाले मुक्त सरकार कैसे चलाई जाती है। अगर वे ऐसे आरोप लगाएंगे तो देश की जनता कहेगी कि वे दिमागी संतुलन खो चुके हैं।''
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.