पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बीएसएफ जवान ने रेल कर्मी पत्नी को गोली मार खुद को किया शूट, दोनों की मौत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बिहारशरीफ.  नगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मोहल्ला निवासी बीएसफ जवान ने रेल कर्मी पत्नी को तीन गोलियां मार खुद को शूट कर लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतका भी खंदकपर निवासी है। घटना शनिवार की शाम तामिलनाडु के त्रिची शहर स्थित कल्लुकुझी इलाके में हुई। मृतक फौजी बृजनंदन प्रसाद का पुत्र रंजीत प्रसाद और उनकी पत्नी स्टेशन रोड निवासी स्व. नागेन्द्र प्रसाद की पुत्री रजनी कुमारी है। महिला त्रिची में सेक्शन कंट्रोलर के पद पर कार्यरत थीं। घटना की खबर मिलने पर दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लाने के लिए रविवार को तामिलनाडु के लिए रवाना हो गए। 


मामले में दोनों के परिजन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीत अपनी पत्नी से मिलने उनके घर गया था। इसी दौरान उसने पत्नी को तीन गोलियां मार दी। फिर खुद के कनपट्‌टी में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। जवान की मौत मौके पर हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर अवस्था में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को उसने बयान भी दिया है। देर रात महिला की मौत हो गई। 

 

घटना के पहले मां की बेटी से हुई थी बात

मृतका की मां गीता देवी ने बताया कि शनिवार की शाम 7 बजे बेटी से उनकी बात हुई थी। उसी समय दामाद वहां आ पहुंचा। फोन पर दोनों की चीख पुकार सुनाई दे रही थी। फिर गोली चलने की आवाज आयी। उसके बाद क्या हुआ कुछ पता नहीं चला। देर रात बेटी और दामाद के मौत की खबर मिली।

 

9 दिसम्बर 2005 को दोनों की शादी हुई थी। उस समय रजनी का परिवार उनके पैतृक घर नई सराय मोहल्ले में रहता था। दंपति की पुत्री माही है। अगले शुक्रवार को माही नानी के साथ चेन्नई जाने वाली थी। रजनी ने पहले बिहार पुलिस में ज्वाइन किया था। बाद में उसकी नौकरी रेलवे में लगी। 

 

गला रोग से परेशान था रंजीत 

रंजीत कोलकाता में तैनात था। उसके दो छोटे भाई हैं, दोनों नौकरी में हैं। पिता ने बताया कि वह खुद गल्ला का व्यवसाय करते हैं। चार महीने पहले रंजीत को गले की बीमारी हुई थी। दिल्ली में इलाज के बाद भी आराम नहीं मिला था। वेल्लोर में इलाज कराने की बात पुत्र ने पिता को कही थी। 

 

दोनों के परिजन लगा रहे एक-दूसरे पर आरोप

घटना के बाद दोनों के परिजन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पत्नी के परिजन का कहना है कि रंजीत के परिवार वाले रुपए के लिए तंग करते थे। पति ने चार लाख रुपया पुत्री के खाते से निकाल लिया था। लड़के के परिजन आरोपों से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनके घर में सब कमाने वाले हैं। बहू से कोई पैसा क्यों मांगेगा। उनलोगों को बहू सुख नहीं मिला। बीमार पति को भी देखने पत्नी नहीं आई। परिजनों को समझ नहीं आ रहा कि ऐसी क्या बात हो गई कि पुत्र ने ऐसा कदम उठाया। पिता घटना की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...