पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंश्रीनगर/जम्मू. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जम्मू-कश्मीर यात्रा से एक दिन पहले शुक्रवार को पाकिस्तानी रेंजरों ने भारतीय सीमा चौकियों पर भारी गोलाबारी की है। इसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हुआ है और 4 लोगों की मौत हो गई है। 12 लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तानी रेंजरों ने जम्मू जिले के जबोवाल सीमा चौकी पर गोलीबारी की। इसमें 192 बटालियन के 28 साल के जवान सीताराम उपाध्याय घायल हो गए। सैन्य अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। उपाध्याय झारखंड के गिरिडीह जिले के रहने वाले थे। वह 2011 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। उनका तीन साल का एक बेटा और एक साल की बेटी है। वहीं, पित्तल सीमा चौकी पर पाकिस्तानी गोलाबारी में एक जवान घायल हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को जोजिला टनल के काम की शुरुआत करेंगे।
- आरएस पुरा और अर्निया सेक्टरों में पाकिस्तानी सेना ने गांवों पर माेर्टार से गोले दागे। इसमें चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हुए हैं। गांवों से लोगों को बुलेट प्रूफ वाहनों से निकाला जा रहा है।
जम्मू फ्रंटियर के बीएसएफ महानिरीक्षक राम अवतार ने कहा कि बीएसएफ ने पाक की सीमा में जवाबी गोलीबारी की है। इसमें पाक सेना को बड़ा नुकसान हुआ है। हमने शहीद जवान का बदला ले लिया है। पाक चैनलों पर इसकी खबर देखी जा सकती है।
मोदी आज जोजिला टनल के काम की शुरुआत करेंगे
- पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को जोजिला टनल के काम की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर प्रस्तावित टनल के काम की शुरुआत लेह के जिव-त्साल में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे। जोजिला टनल कश्मीर घाटी को लद्दाख क्षेत्र से हर मौसम में जोड़ेगा। 6,809 करोड़ रु. की लागत से जोजिला सुरंग परियोजना 7 साल में पूरी होगी। इससे श्रीनगर और लेह की दूरी 3.5 घंटे के समय से घटकर महज 15 मिनट की हो जाएगी। 14.2 किमी लंबी इस सुरंग के निर्माण से लेह, करगिल और श्रीनगर में कनेक्टिविटी बनी रहेगी।
पाकिस्तान ने भारतीय उच्चायुक्त को तलब किया
- पाकिस्तान ने शुक्रवार को इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को तलब किया। खानूर गांव में भारतीय सेना की गोलीबारी में पाकिस्तान के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.