पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआगरा. ताज नगरी में रविवार की सुबह एक दो मंजिला इमारत भर-भराकर गिर गई। मकान के मालिक ने गिरने के पीछे वजह बताई चूहे। उनके मुताबिक मकान की नींव को चूहों ने खोखला कर दिया था, जिस वजह से वह जरा सी आंधी का फोर्स नहीं झेल सकी।
- थाना छत्ता से सटे फिलिप गंज की टीले वाली गली निवासी सुधीर वर्मा रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे के करीब परिवार के साथ चाय पी रहे थे। तभी उन्हें धमाकेदार आवाज सुनाई दी। उनका पुराना पुश्तैनी घर भर-भराकर नीचे गिर गया था।
- सुधीर वर्मा ने बताया, "बीते बुधवार की रात काफी आंधी चली थी। तब से ही मकान से धीरे-धीरे मिट्टी-धूल गिर रही थी। हमारा पुराना मकान है। मिट्टी गिरती देख लगा कि यह कभी भी गिर सकता है। इसलिए हम पड़ोस के घर में किराए से रह रहे थे। रविवार सुबह अचानक से घर बिखरकर गिर गया। यह ऊपरवाले की कृपा थी कि मेरा पूरा परिवार दो दिन पहले ही दूसरे घर में शिफ्ट हुआ था। यह पूरी घटना महज 13 सेकंड में हुई।"
- सुधीर वर्मा की पत्नी सीमा वर्मा ने बताया, "हमारे घर में काफी चूहे हैं। खासकर ग्राउंड फ्लोर और गोदाम में जैसे चूहों ने आतंक मचा रखा है। उन्होंने ही खोद-खोदकर जमीन पोली कर दी है। शायद उसी वजह से मकान का आधा हिस्सा ढह गया। इन चूहों से निपटना हमारे लिए एक चुनौती बन चुका है।"
- घर के मालिक सुधीर वर्मा ने बताया, "मकान में तूफान की वजह से थोड़ी दरार पड़ गई थी, लेकिन असली काम चूहों ने ही किया है। पूरे फिलिप गंज के लोग इन चूहों से परेशान हैं। इनका साइज भी इतना बड़ा है कि बिल्ली को भी डरा कर भगा दे। खरगोश के साइज के चूहे हैं।"
- उसी क्षेत्र के पार्षद राकेश जैन ने बताया, "यहां चूहे बड़े-बड़े हैं, जो कि जमीन पोली कर रहे हैं। यहां पहले मंडियां हुआ करती थीं। बड़े-बड़े गोदाम थे। तभी से यहां चूहे पनप रहे हैं। आज यहां ट्रांसपोर्ट गोदाम बन गए हैं, लेकिन फिर भी चूहों का आतंक कम नहीं हुआ। वो जमीन पोली करते हैं, जिससे सीवर का पानी मकान की नींव खराब करता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.