हाउसिंग बोर्ड के सामने ग्रीन बेल्ट की जगह झाड़ियां
{यहां फैली गंदगी को उठाने वाला कोई नहीं
कालका-पिंजौर मेन रोड पर कालका हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी विकसित करने के दौरान रोड किनारे की जगह को ग्रीन बेल्ट बनाया गया था। शुरुअात में तो उस जगह पर पेड़ पौधे लगाकर उसे ग्रीन करके उसकी साफ सफाई भी होती रही, लेकिन अब उस ग्रीन बेल्ट की कोई भी सुध नहीं ले रहा। जिस कारण वहां पर गंदगी के ढेर और कबाड़ के डंप दिखाई देते हैं। वहां पर झाड़ियां ही नजर आती हैं।
इससे जहां गंदगी फैल रही है वहीं इन झाड़ियाें की आड़ में कई गलत काम भी हो रहे हैं। नशेड़ी छिपकर बैठे रहते हैं और गलत एलिमेंट इन झाड़ियाें की आड़ में चोरी व छेड़छाड़ जैसे घटनाओं को अजांम देते हैं। हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी के दीपक वर्मा, संजीव चड्डा और अजय गुप्ता ने बताया कि काॅलोनी के और पुराने हाईवे के बीच ग्रीन बेल्ट वाली इस जगह की हालत इतनी ज्यादा खराब है कि इससे काॅलोनी पर भी बुरा असर पड़ता है। अगर प्रशासन चाहे तो इस पर पार्क बनवा सकता है। इससे जगह तो साफ होगी है इसके अलावा लोगों के घूमने व टहलने की जगह बन जाएगी। लोगों ने कहा कि इसके अलावा बीच-बीच में इस जगह पर करीब 20-20 कारों के खड़े होने के लिए पार्किंग भी बनाई जाए, ताकि जो लोग गलियों में कारे खड़ी करते हैं वो यहां पर खड़ी कर सकें। वन विभाग के मुताबिक यह जगह उनके अंतर्गत नहीं आती। अगर उनकी जगह होती तो वो इसे पार्क में तबदील करवाने पर विचार कर सकते थे। अगर वहां पर हरियाली के लिए पेड़ पौधे चाहिए होंगे तो हम दे देंगे।