पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे खड़े ठेलों में सो रहे पांच लोगों को बुधवार रात तीन बजे जवाहर सर्किल की ओर से आए टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद टैंकर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के छह घंटे बाद यातायात डीसीपी लता मनोज कुमार मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। हादसे में शांति कॉलोनी घाट की गुणी निवासी उस्मान (35) की मौत हो गई।
उस्मान का ढाई साल का बेटा शाहरूख, फिरोजाबाद निवासी नौसाद (35) लालसोट दौसा निवासी कैलाश प्रसाद सैनी (32) रिवाली सवाई माधोपुर का नवल किशोर रैगर(34) घायल हो गए। जिनमें से नवल किशोर को सामान्य उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शेष तीन को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी की हालत सामान्य है। मृतक उस्मान ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे फलों का ठेला लगाता था। रात को फल बेचने के बाद उस्मान बेटे शाहरूख के साथ ठेले पर ही सो गया था। पास ही खड़े अन्य ठेलों पर भी फल बेचने वाले सो रहे थे।
रात करीब तीन बजे जवाहर सर्किल की ओर से आए गुजरात नंबर का टैंकर ट्रांसपोर्ट नगर के पास बेकाबू हो गया और पुलिया के नीचे ठेलों पर सो रहे लोगों को कुचलता हुआ पुलिया के पिलर से टकराकर रूक गया। हादसे के बाद टैंकर चालक गाडीछोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद चारों तरफ चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उस्मान को मृत घोषित कर दिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.