पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर। राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी संघर्ष समिति ने वेतन विसंगति दूर करने सहित विभिन्न मांगों के मामले में राज्य सरकार से सकारात्मक जवाब नहीं देने तक दफ्तरों में आधे दिन कार्य बहिष्कार जारी रखने का आह्वान किया है। मंत्रालयिक कर्मचारियों द्वारा उद्योग मैदान में चल रहे क्रमिक अनशन के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने रमेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में धरना दिया।
क्रमिक अनशन के दूसरे दिन बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। धरने में महेंद्र नागर, जंग बहादुर पारीक, रजनीकांत शर्मा, रामपाल टेलर, रमेश चंद्र खुटेंटा, अनिल माथुर, सुरेश गुर्जर, सुनील शर्मा, संतोष शर्मा, रामशरण शर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे। इसके अलावा जिलों में कलेक्ट्रेट मुख्यालयों पर कर्मचारियों ने क्रमिक अनशन किया। दफ्तरों में कर्मचारियों ने आधे दिन का कार्य बहिष्कार रखा।शनिवार को उद्योग मैदान में जिला परिषद के विनोद पाठक के नेतृत्व में क्रमिक अनशन होगा।
प्रदेश प्रवक्ता रमेश चंद्र शर्मा व मनोज सक्सेना ने बताया कि राज्य के मंत्रालयिक कर्मचारी 17 अप्रैल से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। मगर राज्य सरकार उदासीन बनी हुई है। इस कारण 15 मई को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बीकानेर आगमन पर 5 हजार मंत्रालयिक कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे और सरकार की चुनावी घोषणाओं से अवगत कराएंगे। संघर्ष समिति की ओर से अगले दिन नागौर में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें आगामी रणनीति तय होगी। साथ ही आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.