पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबीकानेर. कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी जिलेवार संगठन और सरकार की समीक्षा करेंगे। प्रत्येक जिले की बैठक में वहां के कांग्रेसी विधायक शामिल होंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी केवल जोधपुर जिले की बैठक में बतौर विधायक शामिल हो सकेंगे।
राहुल की बैठक के लिए पार्क पैराडाइज में दो हॉल विशेष रूप से तैयार किए जा रहे हैं। एक हॉल में 150 तथा दूसरे हॉल में 175 कुर्सियां रखी जाएंगी। दोनों हॉल में मंच भी तैयार किया जाएगा, जहां छह कुर्सियां रखी जाएंगी। मंच पर राहुल गांधी के साथ राष्ट्रीय सचिव अरुण यादव के अलावा केन्द्रीय टीम के सदस्य बैठेंगे। माना जा रहा है कि प्रदेशाध्यक्ष डॉ.चंद्रभान भी मंच पर मौजूद होंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर जिले की समीक्षा बैठक में बतौर विधायक ही मौजूद रहेंगे। लेकिन राहुल गांधी की स्वीकृति हुई तो उन्हें सभी जिलों की बैठक में मौजूद रहना पड़ सकता है। एक हॉल में एक जिले की बैठक लेने के बाद राहुल दूसरे हॉल में जाएंगे जहां पहले से दूसरे जिले के कार्यकर्ता-पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। जब तक वहां बैठक खत्म होगी तब पहले जो हॉल खाली होगा उसमें तीसरे जिले के लोग बैठक के लिए तैयार होंगे। इस तरह राहुल गांधी 13 बार हॉल बदलेंगे। एक बैठक का समय 30 से 50 मिनट तक बताया जा रहा है।
सुबह नौ बजे से ही बैठकों का दौर शुरू हो जाएगा। वांछित नेताओं को इसी कारण 14 मई तक बीकानेर पहुंचने के लिए कहा गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ.चंद्रभान व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य राज्य व केन्द्रीय पदाधिकारी भी 14 मई की रात तक यहां पहुंच जाएंगे। सभी के अलग-अलग ठहरने का इंतजाम किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से कई एजेंसियां दो दिन पहले ही बीकानेर में डेरा जमा लेंगी। तैयारियों का जायजा लेने के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत सहित अनेक पदाधिकारियों ने गुरुवार को भी पार्क पैराडाइज का दौरा किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.